ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के हमलों से पाकिस्तान को हुए नुकसान के बाद अब वह अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने में जुटा है. इसके लिए पाकिस्तान तुर्की से बड़ी संख्या में आधुनिक ड्रोन और मानवरहित हथियार खरीदने की तैयारी कर रहा है. खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान ने तुर्की की रक्षा कंपनी पासिफिक टेक्नोलॉजी के साथ तीन साल का समझौता किया है. इस सौदे के तहत करीब एक लाख MERKÜT FPV ड्रोन के अलावा कई तरह के मानवरहित सैन्य सिस्टम खरीदे जाएंगे.
रक्षा मामलों की वेबसाइट डिफेंस ब्लॉग की रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते में केवल ड्रोन ही नहीं, बल्कि मानवरहित हेलिकॉप्टर, लोइटरिंग म्यूनिशन और जमीन पर चलने वाले रोबोटिक सिस्टम भी शामिल हैं. इन हथियारों का इस्तेमाल निगरानी करने, दुश्मन के ठिकानों पर हमला करने और जमीनी सैन्य अभियानों में किया जा सकता है.
एक लाख MERKÜT ड्रोन खरीदेगा पाकिस्तान
इस पूरे सौदे में सबसे बड़ा हिस्सा MERKÜT FPV ड्रोन का है. FPV यानी फर्स्ट पर्सन व्यू ड्रोन को ऑपरेटर कैमरे की मदद से नियंत्रित करता है. कैमरे से मिलने वाली तस्वीरों के जरिए ऑपरेटर दूर बैठकर ड्रोन को इस तरह चलाता है, जैसे वह खुद उसके अंदर बैठा हो. इनका इस्तेमाल निगरानी और हमले दोनों के लिए किया जा सकता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, MERKÜT ड्रोन करीब 8 किलोमीटर की दूरी तक काम कर सकता है. यह 20 से 30 मिनट तक हवा में रह सकता है. इसमें 1,000 स्टील बॉल वाला विस्फोटक वारहेड लगाया गया है. हर स्टील बॉल का आकार करीब 3 मिलीमीटर बताया गया है. विस्फोट होने पर इसका असर लगभग 20 मीटर के दायरे में हो सकता है.
इन छोटे ड्रोन की खासियत यह है कि इन्हें चलाने के लिए बड़े लड़ाकू विमानों या महंगे मिसाइल सिस्टम की जरूरत नहीं होती. छोटे आकार और कैमरे से नियंत्रण की सुविधा के कारण इन्हें युद्ध के मैदान में निगरानी और हमले के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
हेलिकॉप्टर से लेकर 500 उड़ते बम तक मिलेंगे
तुर्की के साथ हुए समझौते में पाकिस्तान को कई अन्य आधुनिक मानवरहित सिस्टम भी मिलने वाले हैं. इनमें 10 ALPİN मानवरहित हेलिकॉप्टर, 25 DUMRUL मिनी हेलिकॉप्टर, 500 DELİ लोइटरिंग म्यूनिशन और 250 KORGAN ग्राउंड सिस्टम शामिल हैं.
ALPİN एक मानवरहित हेलिकॉप्टर है, जिसे बिना पायलट के उड़ाया जा सकता है. इसकी अधिकतम पेलोड क्षमता 200 किलोग्राम बताई गई है, जिसमें ईंधन का वजन भी शामिल है. यह पहले से तय किए गए मिशन को अपने आप पूरा कर सकता है. इसमें थर्मल इमेजिंग और नाइट विजन जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिनकी मदद से रात के समय भी निगरानी की जा सकती है.
वहीं, DUMRUL एक छोटा इलेक्ट्रिक हेलिकॉप्टर है. इसे कम दूरी की निगरानी और सैन्य अभियानों के लिए तैयार किया गया है. इसकी उड़ान क्षमता करीब 120 मिनट बताई गई है. इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि उड़ान के दौरान कम आवाज हो और निगरानी के समय इसका पता लगाना मुश्किल हो.
इस सौदे में 500 DELİ लोइटरिंग म्यूनिशन भी शामिल हैं. इन्हें आम भाषा में उड़ते हुए बम कहा जा सकता है. ये हथियार किसी इलाके में कुछ समय तक हवा में मंडराते रहते हैं और फिर तय किए गए लक्ष्य पर हमला करते हैं.
इसके अलावा पाकिस्तान 250 KORGAN ग्राउंड सिस्टम भी खरीदेगा. ये बिना सैनिकों के जमीन पर काम करने वाली मानवरहित सैन्य प्रणालियां हैं, जिनका इस्तेमाल अलग-अलग जमीनी अभियानों में किया जा सकता है.
पाकिस्तान में ही होगी असेंबली और मैन्युफैक्चरिंग
इस समझौते की खास बात यह है कि पाकिस्तान केवल तुर्की से तैयार हथियार खरीदने तक सीमित नहीं रहेगा. रिपोर्ट के मुताबिक, तीन साल के इस समझौते में पाकिस्तान के अंदर ही इन सैन्य प्रणालियों की असेंबली और निर्माण से जुड़ी सुविधाएं तैयार करने का प्रावधान भी है.
इससे पाकिस्तान को भविष्य में इन हथियारों की मरम्मत, रखरखाव और उत्पादन के लिए अपनी क्षमता विकसित करने में मदद मिल सकती है. साथ ही तुर्की और पाकिस्तान के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग भी बढ़ेगा.
समझौते से पहले हथियारों का हुआ था परीक्षण
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बड़े सौदे से पहले दोनों देशों के बीच एक शुरुआती समझौता हुआ था. इसके तहत संबंधित हथियारों और सैन्य उपकरणों का परीक्षण और उनकी क्षमता का आकलन किया गया. इसके बाद अब तीन साल के लिए यह बड़ा रक्षा समझौता किया गया है.
इस खरीद के जरिए पाकिस्तान अपनी सैन्य ताकत में ड्रोन और मानवरहित तकनीक की भूमिका बढ़ाना चाहता है. वहीं, तुर्की के लिए भी यह अपने रक्षा उद्योग और सैन्य तकनीक को दूसरे देशों तक पहुंचाने का बड़ा मौका है.