आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को बड़ा झटका लगा है. टीम के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड को आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर अगले सीजन के एक मैच के लिए निलंबित कर दिया गया है. इसके अलावा उन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है.
आईपीएल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, फाइनल मुकाबले के दौरान किए गए उल्लंघन के लिए टिम डेविड को दो डिमेरिट अंक दिए गए हैं. इसके साथ ही उनके कुल डिमेरिट अंकों की संख्या पांच हो गई है, जिसके चलते उन्हें एक मैच के प्रतिबंध का सामना करना पड़ेगा.
यह मौजूदा सीजन में तीसरा मौका है जब डेविड पर आईपीएल आचार संहिता के तहत कार्रवाई की गई है.
फाइनल मैच के दौरान हुई थी घटना
आईपीएल फाइनल में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया था. इसी मुकाबले के दौरान टिम डेविड पर अनुच्छेद 2.9 के तहत कार्रवाई की गई, जो मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, अधिकारी, अंपायर या अन्य व्यक्ति की दिशा में अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद अथवा क्रिकेट उपकरण फेंकने से संबंधित है.
रिपोर्ट के अनुसार, पहली पारी के दौरान विकेट गिरने के बाद डेविड ने मैदान पर मौजूद अंपायर की दिशा में आक्रामक अंदाज में आइस बैग फेंका था. इसी घटना को नियमों का उल्लंघन माना गया.
खिलाड़ी ने स्वीकार की गलती
टिम डेविड ने अपने ऊपर लगाए गए आरोप को स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी द्वारा तय की गई सजा को भी मान लिया. इसके बाद उन पर आधिकारिक रूप से जुर्माना और डिमेरिट अंक लगाए गए.
पहले भी लग चुका है जुर्माना
इस सीजन में इससे पहले भी डेविड दो अलग-अलग मामलों में आईपीएल की अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना कर चुके हैं.
11 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के बाद उन्हें अशोभनीय और आपत्तिजनक इशारों से जुड़े नियम के उल्लंघन का दोषी पाया गया था. उस मामले में उन पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था और दो डिमेरिट अंक दिए गए थे.
इसके अलावा 13 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ ही खेले गए एक अन्य मुकाबले में अंपायर के निर्देशों की अनदेखी करने के कारण उन पर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया था और एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया था.
अगले सीजन में भुगतना होगा नुकसान
फाइनल में हुए ताजा उल्लंघन के बाद टिम डेविड के कुल डिमेरिट अंक पांच हो गए हैं. आईपीएल नियमों के अनुसार निर्धारित सीमा पार होने पर खिलाड़ी को निलंबन का सामना करना पड़ता है. इसी वजह से आरसीबी के इस स्टार बल्लेबाज को अगले आईपीएल सीजन के शुरुआती मैचों में से एक मुकाबला बाहर बैठकर देखना होगा.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: रोमांटिक मूड में रहेंगे इन 2 राशि के जातक, इनका होगा ब्रेकअप, जानें अपना लव राशिफल