Ranji Trophy 2026: 67 साल का इंतजार खत्म, जम्मू-कश्मीर ने पहली बार जीता खिताब

Ranji Trophy 2026: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीत लिया. फाइनल मुकाबले में टीम ने कर्नाटक जैसी मजबूत टीम को हराकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की.

Ranji Trophy 2026 67 years of wait ends Jammu and Kashmir wins the title for the first time
Image Source: Social Media

Ranji Trophy 2026: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीत लिया. फाइनल मुकाबले में टीम ने कर्नाटक जैसी मजबूत टीम को हराकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की. 1959-60 में टूर्नामेंट में डेब्यू करने के बाद यह टीम का पहला खिताब है, जिसके लिए उसे 67 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा.

फाइनल मैच में जम्मू-कश्मीर ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा. टीम ने पहली पारी में 584 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में कर्नाटक की टीम दबाव में आकर सिर्फ 293 रन पर ही सिमट गई. पहली पारी में मिली इस बड़ी बढ़त ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.

दूसरी पारी में भी जारी रहा दमदार प्रदर्शन

दूसरी पारी में भी जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया. कामरान इकबाल ने 160 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि साहिल ने भी शतक जड़कर टीम को और मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. इसके बाद टीम की कुल बढ़त 630 रन से ज्यादा हो गई, जिससे मुकाबला एकतरफा हो गया.

ड्रॉ मैच, लेकिन नियमों से मिली जीत

मुकाबला भले ही ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन रणजी ट्रॉफी के नियमों के अनुसार पहली पारी में बढ़त हासिल करने वाली टीम को विजेता माना जाता है. इसी आधार पर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन घोषित किया गया. खास बात यह रही कि टीम ने अपने पहले ही फाइनल में ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया.

मुख्यमंत्री ने दी खिलाड़ियों को बधाई

इस ऐतिहासिक मौके पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद रहे. उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और कहा कि यह जीत आने वाली पीढ़ियों को खेल के प्रति प्रेरित करेगी.

आकिब नबी बने जीत के सबसे बड़े हीरो

पूरे टूर्नामेंट में तेज गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने इस सीजन में कुल 60 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए. फाइनल की पहली पारी में उन्होंने 5 विकेट चटकाए, जबकि सेमीफाइनल में 9 और क्वार्टर फाइनल में 12 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.

नई पीढ़ी के लिए बनी प्रेरणा

जम्मू-कश्मीर की यह ऐतिहासिक जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है. यह उपलब्धि आने वाले समय में युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.

ये भी पढ़ें- PM Kisan Yojana: होली से पहले खाते में आएंगे 2000 रुपये? 'पीएम किसान योजना' पर बड़ा अपडेट