रांची में भीषण सड़क हादसा, बाइक सावर को ट्रक ने मारी टक्कर, पति-पत्नी की मौत

झारखंड के रांची जिले में एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे पति-पत्नी का सफर दर्दनाक हादसे में खत्म हो गया. सोनाहातू थाना क्षेत्र के देवांनसारना गांव के पास तेज रफ्तार हाईवे ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

Ranchi-road-accident-husband-wife-killed-truck-hit-bike
Image Source: Social Media

झारखंड के रांची जिले में एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे पति-पत्नी का सफर दर्दनाक हादसे में खत्म हो गया. सोनाहातू थाना क्षेत्र के देवांनसारना गांव के पास तेज रफ्तार हाईवे ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में पत्नी सिंधु देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति रमेश महतो ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. दोनों पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले स्थित अपने घर लौट रहे थे.

देवांनसारना के पास ट्रक ने मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, पुरुलिया जिले के कुसी पापड़ाहुडुम गांव निवासी रमेश महतो अपनी पत्नी सिंधु देवी के साथ रांची के सोनाहातू थाना क्षेत्र के बारेदा कुलयानटांड़ में रिश्तेदार के घर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर के लिए निकले थे. इसी दौरान देवांनसारना गांव के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवे ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे और सिंधु देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

अस्पताल पहुंचने से पहले पति ने भी तोड़ा दम

हादसे में रमेश महतो भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला.

शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

दंपति की मौत से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर सिल्ली-रंगामाटी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. सड़क जाम होने से मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ और मौके पर तनाव का माहौल बन गया.

पुलिस ने शुरू की जांच, चालक की तलाश जारी

सड़क जाम की सूचना मिलते ही सोनाहातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. पुलिस ने यातायात बहाल कराने की कोशिश के साथ हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है. साथ ही आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है. मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे दंपति का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ.

ये भी पढ़ें: रांची में दर्दनाक हादसा! जर्जर पानी की टंकी ढही, मलबे में दबकर 2 मजदूरों की मौत