रामायण के ग्रैंड इवेंट में पूरी स्टारकास्ट मौजूद, फिर भी नहीं दिखा ट्रेलर! जानें कब और कहां होगा रिलीज

Ramayana: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'प्रथम संकल्प' कार्यक्रम में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल समेत पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही. ट्रेलर की 3D स्क्रीनिंग हुई, लेकिन इसे आम दर्शकों के लिए रिलीज नहीं किया गया.

ramayana-movie-trailer-release-date-comic-con-launch-details-official
Image Source: Internet

Ramayana: भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल 'रामायण' को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है. दिल्ली में आयोजित भव्य 'प्रथम संकल्प' कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया और गूगल पर सबसे ज्यादा पूछा जा रहा सवाल यही है कि आखिर फिल्म का ट्रेलर कहां है और इसे कब रिलीज किया जाएगा. दरअसल, भारत मंडपम में हुए ग्रैंड इवेंट में मौजूद मेहमानों को फिल्म के ट्रेलर की विशेष स्क्रीनिंग दिखाई गई, लेकिन इसे आम दर्शकों के लिए जारी नहीं किया गया. यही वजह है कि ट्रेलर देखने का इंतजार अब और भी बढ़ गया है.

भारत मंडपम में हुआ भव्य 'प्रथम संकल्प' कार्यक्रम

शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 'रामायण' फिल्म का भव्य 'प्रथम संकल्प' कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस समारोह में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और मेकर्स ने शिरकत की. कार्यक्रम में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, सनी देओल, यश, रवि दुबे, अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर समेत कई कलाकार मौजूद रहे.

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी भी कार्यक्रम का हिस्सा बने. वहीं स्वामी रामदेव, लोकेश मुनि और देशभर से आए कई संत-महात्माओं की मौजूदगी ने आयोजन को आध्यात्मिक स्वरूप भी दिया. पूरे कार्यक्रम का संचालन कवि डॉ. कुमार विश्वास ने किया.

भजन और संगीत से भक्तिमय हुआ माहौल

कार्यक्रम की शुरुआत केवल फिल्मी अंदाज में नहीं हुई, बल्कि आध्यात्मिक वातावरण के साथ की गई. ऋषभ शर्मा ने मंच पर भजन प्रस्तुत किए और सितार वादन से पूरे सभागार को भक्तिमय माहौल में रंग दिया. इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भगवान श्रीराम की कथा से भावनात्मक रूप से जोड़ दिया और इसके बाद फिल्म के ट्रेलर की विशेष स्क्रीनिंग की गई.

ट्रेलर की स्क्रीनिंग ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में मौजूद मेहमानों को 'रामायण' के पहले भाग का ट्रेलर 3D फॉर्मेट में दिखाया गया. ट्रेलर खत्म होते ही सभागार 'जय श्री राम' के नारों से गूंज उठा. दर्शकों का उत्साह इतना ज्यादा था कि उन्होंने 'वंस मोर' की मांग शुरू कर दी. लोगों की मांग को देखते हुए आयोजकों ने ट्रेलर की दूसरी बार भी स्क्रीनिंग की. हालांकि, इस विशेष प्रदर्शन के बावजूद ट्रेलर को सार्वजनिक रूप से रिलीज नहीं किया गया.

आखिर ट्रेलर कब होगा रिलीज?

दिल्ली में केवल ट्रेलर की स्क्रीनिंग की गई थी. इसका आधिकारिक लॉन्च अब 24 जुलाई को अमेरिका में होने वाले प्रतिष्ठित San Diego Comic-Con इवेंट में किया जाएगा. यह दुनिया के सबसे बड़े पॉप कल्चर और कॉमिक बुक आयोजनों में से एक माना जाता है. भारतीय समय के अनुसार यह कार्यक्रम सुबह करीब 3:45 बजे से 4:45 बजे के बीच आयोजित होगा. इसी मंच से फिल्म की टीम ट्रेलर को आधिकारिक रूप से लॉन्च करेगी.

लॉन्च के तुरंत बाद सभी के लिए होगा उपलब्ध

कॉमिक-कॉन में ट्रेलर लॉन्च होने के बाद इसे यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज कर दिया जाएगा. यानी दुनियाभर के दर्शक उसी दिन पहली बार 'रामायण' का ट्रेलर ऑनलाइन देख सकेंगे. बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में करीब 4,800 लोग मौजूद रहेंगे, जिनके सामने ट्रेलर का पहला आधिकारिक प्रदर्शन किया जाएगा.

दो भागों में रिलीज होगी 'रामायण'

फिल्म 'रामायण' को दो भागों में रिलीज करने की योजना बनाई गई है. इसका पहला भाग इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा. बड़े बजट, दमदार स्टारकास्ट, आधुनिक विजुअल इफेक्ट्स और भारतीय संस्कृति की सबसे महान कथा पर आधारित होने के कारण यह फिल्म पहले से ही साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिनी जा रही है. 

ये भी पढ़ें- 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का ऐलान; कार्तिक आर्यन, ममूटी और यामी गौतम ने मारी बाजी, देखें पूरी लिस्ट