Ramayana Trailer: निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है. भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी कई दर्शकों और कंटेंट क्रिएटर्स ने ट्रेलर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. कई लोगों ने फिल्म के विजुअल्स, कलाकारों की एंट्री और बड़े स्तर पर किए गए काम की तारीफ की है.
पाकिस्तानी यूट्यूबर ने की तारीफ
पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर माविया उमर फारूकी ने ट्रेलर देखने के बाद कहा कि फिल्म काफी बड़े स्तर पर बनाई गई है. उन्होंने कहा कि ट्रेलर देखकर लगता है कि इसके विजुअल्स और वीएफएक्स पर काफी मेहनत की गई है. उनका कहना था कि भारतीय सिनेमा की यह बड़ी फिल्मों में से एक हो सकती है और ट्रेलर देखने के बाद उनकी फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है.
रणबीर कपूर और यश की एंट्री ने जीता दिल
यूट्यूबर ने खास तौर पर रणबीर कपूर और यश की एंट्री की तारीफ की. उन्होंने कहा कि ट्रेलर की कैमरा क्वालिटी और विजुअल्स काफी शानदार हैं. उनका मानना है कि फिल्म में दोनों कलाकारों का प्रदर्शन देखने लायक होगा.
बजट को लेकर भी हुई चर्चा
ट्रेलर पर प्रतिक्रिया देते समय यूट्यूबर ने फिल्म का बजट करीब 1000 करोड़ रुपये बताया. हालांकि सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कमेंट कर कहा कि अलग-अलग रिपोर्टों में फिल्म का बजट इससे कहीं ज्यादा बताया जा रहा है. फिल्म के बजट को लेकर अभी तक निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
दूसरे पाकिस्तानी क्रिएटर्स ने भी की सराहना
एक अन्य पाकिस्तानी यूट्यूबर हसनात खान ने भी ट्रेलर की तारीफ की. उन्होंने रावण के लुक, सीजीआई, एक्शन और विजुअल इफेक्ट्स को शानदार बताया. वहीं, दूसरे कंटेंट क्रिएटर्स ने भी रणबीर कपूर, यश और सीता के किरदार की एंट्री को दमदार बताया. उनका कहना है कि ट्रेलर में कई ऐसे दृश्य हैं जो दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचते हैं.
कब रिलीज होगी 'रामायण'?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' दो भागों में रिलीज की जाएगी. फिल्म का पहला भाग इस साल दिवाली के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा. इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें- सूरज बड़जात्या की नई फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की शूटिंग पूरी, दिखेगी आयुष्मान खुराना और शरवरी की जोड़ी