Ram Gopal Verma On Ranveer Singh: फिल्म 'डॉन 3' को लेकर चल रहा विवाद इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है. रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने की खबरों और उसके बाद FWICE की ओर से जारी गैर-सहयोग निर्देश के बाद मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है.
अब फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए रणवीर सिंह का समर्थन किया और FWICE की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए.
FWICE की कार्रवाई पर जताई नाराजगी
राम गोपाल वर्मा का कहना है कि किसी कलाकार के खिलाफ इस तरह का गैर-सहयोग निर्देश जारी करना सही तरीका नहीं है. उन्होंने कहा कि यह कदम इंडस्ट्री या कर्मचारियों के हित में कम और ताकत दिखाने की कोशिश ज्यादा लगता है. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के फैसले से संगठन की छवि पर असर पड़ सकता है और लोग इसे गंभीरता से लेने के बजाय मजाक के तौर पर भी देख सकते हैं.
BAN “FWICE” and not @RanveerOfficial
— Ram Gopal Varma (@RGVzoomin) May 29, 2026
The so called “BAN” or non co operation in the style of Gandhiji , will eventually become a BIG FAT JOKE on FWICE
This isn’t industry or worker protection, like they are claiming. It is just a pure performative muscle flexing , by an…
निजी मामले में दखल क्यों?
राम गोपाल वर्मा ने सवाल उठाया कि अगर यह मामला निर्माता और अभिनेता के बीच का अनुबंध संबंधी विवाद है, तो इसमें किसी बाहरी संस्था की भूमिका क्यों होनी चाहिए. उनके मुताबिक ऐसे मामलों को संबंधित पक्ष आपसी बातचीत से सुलझा सकते हैं या फिर जरूरत पड़ने पर अदालत का सहारा ले सकते हैं. उन्होंने कहा कि देश में हर दिन ऐसे कई व्यावसायिक विवाद होते हैं, लेकिन हर मामले में इस तरह का हस्तक्षेप नहीं होता.
रणवीर सिंह की अहमियत पर कही बड़ी बात
वर्मा ने अपने बयान में रणवीर सिंह की लोकप्रियता और स्टार पावर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बड़े कलाकार फिल्म इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उनका मानना है कि रणवीर जैसे सितारे न केवल दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाते हैं, बल्कि उनके साथ कई लोगों को रोजगार भी मिलता है. यही वजह है कि निर्माता और फिल्ममेकर्स उनके साथ काम करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं.
क्या है पूरा 'डॉन 3' मामला?
फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' में रणवीर सिंह को मुख्य भूमिका के लिए चुना गया था. बाद में उनके फिल्म से बाहर होने की खबरें सामने आईं. रिपोर्ट्स के अनुसार, निर्माता पक्ष का कहना है कि इस फैसले से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ.
इसके बाद मामला FWICE तक पहुंचा और संगठन ने रणवीर सिंह के खिलाफ गैर-सहयोग निर्देश जारी कर दिया. हालांकि रणवीर सिंह की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वह पूरी फिल्म बिरादरी का सम्मान करते हैं और किसी भी तरह के विवाद को सम्मानजनक तरीके से सुलझाने में विश्वास रखते हैं.
इंडस्ट्री में तेज हुई बहस
राम गोपाल वर्मा के बयान के बाद 'डॉन 3' विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है. अब फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग इस मामले पर अपनी राय दे रहे हैं. आने वाले दिनों में इस विवाद पर क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- IPL 2026 Final: फाइनल से पहले होगी क्लोजिंग सेरेमनी, जानिए कब और कहां खेला जाएगा RCB vs GT का मैच