Makki Baati Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही घरों में मक्के के आटे से बनी चीजें बनने लगती हैं. कहीं मक्के की रोटी के साथ सरसों का साग पसंद किया जाता है, तो कहीं मक्के की रोटी को गुड़ और घी के साथ खाया जाता है। लेकिन क्या आपने कभी राजस्थानी मसाला मक्की की बाटी का स्वाद चखा है?
यह बाटी स्वाद में बेहद लाजवाब होती है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम इस बाटी में आलू और मटर का चटपटा मसाला भरा जाता है. इसे दाल, हरी चटनी या लहसुन की चटनी के साथ परोसा जा सकता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी महंगी सामग्री की जरूरत नहीं होती. घर में मौजूद मसालों से ही इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है.
मसाला मक्की की बाटी बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप मक्के का आटा
- स्वादानुसार नमक
- 1 छोटा चम्मच साबुत धनिया
- 1/4 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच सौंफ
- 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
- 1 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1/4 छोटा चम्मच हींग
- 1 छोटा चम्मच पापड़ खार
- 1-2 बड़े चम्मच हरा धनिया
- 1 बड़ा चम्मच घी
- जरूरत के अनुसार पानी
आलू-मटर का मसाला बनाने के लिए:
- 1 छोटा चम्मच तेल
- 1/4 छोटा चम्मच हींग
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- 1/4 कप हरी मटर
- 1 उबला हुआ आलू
- 1 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/4 छोटा चम्मच हल्दी
- 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक
- बारीक कटा हरा धनिया
सबसे पहले तैयार करें मक्के का आटा
मसाला मक्की की बाटी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मक्के का आटा लें. इसमें नमक, दरदरा कुटा साबुत धनिया, जीरा, सौंफ, कसूरी मेथी, बारीक कटी हरी मिर्च, हींग, पापड़ खार और हरा धनिया डालें. अब इसमें घी मिलाएं और थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए आटा गूंथ लें. आटे को अच्छी तरह मसलकर तैयार करें और कुछ देर के लिए अलग रख दें.
अब बनाएं चटपटा आलू-मटर का मसाला
बाटी में भरने के लिए अब आलू-मटर का मसाला तैयार करें. इसके लिए एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें हींग और जीरा डालें. इसके बाद हरी मटर, उबला हुआ आलू और कटी हुई हरी मिर्च डाल दें. अब धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक मिलाकर अच्छी तरह चलाएं. इसे 2 से 3 मिनट तक पकाएं. आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालें और मसाले को तैयार कर लें.
बाटी में भरें आलू-मटर का मसाला
अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. हर लोई को हथेली से दबाकर कटोरी जैसा आकार दें. इसके बीच में तैयार आलू-मटर का मसाला रखें. अब आटे को चारों तरफ से उठाकर अच्छी तरह बंद कर दें और गोल बाटी का आकार दें. इसी तरह बाकी बाटियां भी तैयार कर लें.
स्टीम करने के बाद तवे पर सेंकें
तैयार बाटियों को पहले करीब 10 मिनट तक स्टीम करें. इसके बाद इन्हें धीमी आंच पर तवे या मोटे तले वाले पैन में रखें. करीब 15 से 20 मिनट तक इन्हें सेंकें और बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि बाटियां चारों तरफ से अच्छी तरह पक जाएं. जब इनका बाहरी हिस्सा सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तो समझ लें कि बाटियां तैयार हैं.
यह भी पढ़ें: सर्दियों में बीमारियों से बचना है तो आज से बदलें डाइट, गुड़-बाजरे समेत खाएं ये 6 चीजें