झालावाड़ में दर्दनाक हादसा! श्रद्धालुओं को रौंदती हुई निकली तेज रफ्तार बस, 4 की मौत

Jhalawar Bus Accident: राजस्थान के झालावाड़ जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पटला पीर दरगाह से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं.

Rajasthan Tragic accident in Jhalawar Speeding bus runs over pilgrims 4 dead
Image Source: Social Media


Jhalawar Bus Accident: राजस्थान के झालावाड़ जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पटला पीर दरगाह से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं.

यह हादसा शनिवार रात करीब 8:30 बजे पटला पीर दरगाह लिंक रोड पर हुआ. बताया जा रहा है कि श्रद्धालु दर्शन करने के बाद सड़क किनारे खड़ी अपनी पिकअप गाड़ी के पास सामान रख रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार बस अचानक वहां पहुंची और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.

टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर हुई मौत

बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी.

हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में भर्ती घायलों में से हामिद मोहम्मद की हालत गंभीर बताई जा रही थी. इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी भी मौत हो गई. इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई.

कोटा जिले के रहने वाले थे मृतक

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग कोटा जिले के रामगंजमंडी इलाके के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान रेहान (20), तालिब (30), अल्फेज (25) और हामिद मोहम्मद (25) के रूप में हुई है. हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.

ब्रेक फेल होने की आशंका

सरोला थाने के एसएचओ बुद्धाराम चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के समय बस की रफ्तार कितनी थी और उसमें कोई तकनीकी खराबी थी या नहीं.

हादसे के बाद ड्राइवर फरार

घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. रविवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चारों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए. हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार बस चालक की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें- रूस पर यूक्रेन का अब तक का सबसे बड़ा हमला! 800 से ज्यादा ड्रोन दागे, मिसाइल फैक्ट्री तबाह, 6 की मौत