राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार, 14 अक्टूबर 2025 को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. दोपहर के वक्त जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर एक एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई. इस भीषण दुर्घटना में 20 यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई. हादसे की पुष्टि पोकरण विधायक प्रतापपुरी ने की है. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि “जैसलमेर में हुए हादसे में हुई जनहानि से बहुत दुखी हूं. इस मुश्किल घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताई पीड़ा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस दुर्घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए शोक जताया. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि “जैसलमेर में बस में आग लगने की घटना से गहरा दुख पहुंचा है. मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.”
भारत की राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, "राजस्थान के जैसलमेर में एक बस में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।" pic.twitter.com/os7ClCnzow
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 14, 2025
हादसे में बच्चे और महिलाएं भी झुलसे
इस हृदयविदारक दुर्घटना में 2 बच्चे, 4 महिलाएं और 9 अन्य यात्री बुरी तरह झुलस गए. सभी घायलों को पहले जैसलमेर के जवाहिर अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया. बताया गया कि कई यात्री 70% तक झुलस चुके हैं.बस में कुल 57 यात्री सवार थे. चूंकि कई शव बुरी तरह से जल चुके हैं, इसलिए मृतकों की पहचान DNA परीक्षण के जरिए की जाएगी.
ऐसे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ. जैसलमेर से जोधपुर की ओर जा रही बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा. ड्राइवर ने सतर्कता दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क के किनारे रोका, लेकिन देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस से निकल ही नहीं सके.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे हालात का जायजा
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक जताया है. उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और पीड़ितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं जैसलमेर रवाना होने वाले हैं और वहां से जोधपुर जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे. उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर और एसीएस शिखर अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री ने कलेक्टर और एसपी से फोन पर हादसे की जानकारी ली है और राहत कार्यों की सीधी निगरानी शुरू कर दी है. इस हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है. सोशल मीडिया से लेकर प्रशासनिक गलियारों तक हर ओर इस त्रासदी को लेकर संवेदना व्यक्त की जा रही है. पीड़ित परिवारों के लिए यह क्षति कभी न भरने वाला दर्द है.
यह भी पढ़ें: OMG! घड़ी, नट-बोल्ट, तावीज और... युवक के पेट से निकला ये सामान, देखकर डॉक्टर्स के भी उड़ गए होश