Rahu-Ketu Gochar: ज्योतिष शास्त्र में राहु और केतु को छाया ग्रह माना जाता है. इन दोनों ग्रहों के राशि परिवर्तन का असर सभी 12 राशियों के जीवन पर पड़ने की मान्यता है. इनके गोचर से करियर, कारोबार, आर्थिक स्थिति, परिवार और रिश्तों से जुड़े मामलों में बदलाव आ सकते हैं. 25 नवंबर 2026 को राहु और केतु का महत्वपूर्ण राशि परिवर्तन होने जा रहा है. यह गोचर करीब डेढ़ साल तक प्रभावी रहेगा.
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, 25 नवंबर को शाम 4 बजकर 34 मिनट पर राहु मकर राशि में और केतु कर्क राशि में प्रवेश करेंगे. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के मुताबिक, इस गोचर का असर सभी राशियों पर देखने को मिलेगा. हालांकि, तीन राशियों के जातकों को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी. आइए जानते हैं किन राशियों के लिए यह समय थोड़ा मुश्किल हो सकता है.
इन 3 राशियों को रहना होगा सावधान
तुला राशि: राहु-केतु का गोचर तुला राशि के जातकों के पारिवारिक और भावनात्मक जीवन को प्रभावित कर सकता है. इस दौरान आप दूसरों से दूरी बनाकर अकेले रहना पसंद कर सकते हैं. छोटी-छोटी बातें भी आपको परेशान कर सकती हैं. परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर मतभेद होने की आशंका है. घर से जुड़े मामलों में भी मानसिक तनाव बढ़ सकता है. ऐसे में भावनाओं में बहकर कोई फैसला लेने से बचें.
धनु राशि: धनु राशि वालों के लिए यह गोचर आर्थिक और पारिवारिक मामलों में कुछ परेशानियां ला सकता है. इस दौरान अचानक खर्च बढ़ने की संभावना है. आप किसी नई योजना में पैसा लगाने के बारे में भी सोच सकते हैं. हालांकि, जल्दबाजी में निवेश करना नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए पैसों से जुड़े फैसले लेते समय अच्छी तरह सोच-विचार करें. परिवार के मामलों में भी समझदारी से काम लेना बेहतर रहेगा.
मकर राशि: राहु का मकर राशि में प्रवेश आपके जीवन में नए अवसरों के साथ कुछ चुनौतियां भी ला सकता है. इस दौरान करियर में आगे बढ़ने और अपनी अलग पहचान बनाने की इच्छा बढ़ेगी. आप भविष्य को बेहतर बनाने के लिए बड़े फैसले ले सकते हैं. हालांकि, कार्यक्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत करते समय अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा. छोटी-सी बात भी विवाद का कारण बन सकती है.
राहु-केतु के अशुभ प्रभाव से बचने के उपाय
ज्योतिष शास्त्र में राहु और केतु के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए कुछ उपाय बताए गए हैं. इसके लिए किसी योग्य ब्राह्मण से राहु और केतु के मंत्रों का जाप करवाना शुभ माना जाता है. इसके अलावा कुएं के कछुए को लाई खिलाने और काले कुत्ते को रोटी देने की सलाह दी जाती है. भगवान भैरव की पूजा और आराधना करना भी लाभकारी माना गया है.