Punjab School Scam: पंजाब के संगरूर जिले से सरकारी स्कूलों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में ऐसे बच्चों के नाम पर रिकॉर्ड तैयार किए गए जो या तो गांव छोड़ चुके थे, प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे थे या फिर वास्तविक रूप से स्कूल में मौजूद ही नहीं थे. इन कथित फर्जी एडमिशन और कागजों पर दर्ज हाजिरी के जरिए अनुसूचित जाति (SC) के बच्चों के लिए आने वाली स्कॉलरशिप, राशन और विकास से जुड़े सरकारी लाभों में गड़बड़ी किए जाने का आरोप है.
मामला अब राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) तक पहुंच चुका है. आयोग को दी गई औपचारिक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक संगठित तरीके से वर्षों से सरकारी रिकॉर्ड में छात्रों की संख्या बढ़ाकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया जा रहा था. शिकायत में पूरे मामले की स्वतंत्र जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है.
तीन सरकारी स्कूलों में फर्जीवाड़े का आरोप
शिकायत के मुताबिक संगरूर के भिंडरा सेंटर के अंतर्गत आने वाले GPS भिंडरा, GPS बालियां और GPS संतोखपुरा में कथित तौर पर यह गड़बड़ी की गई. आरोप है कि इन स्कूलों के रिकॉर्ड में ऐसे बच्चों के नाम भी बनाए रखे गए जो पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों पर जा चुके थे या निजी स्कूलों में दाखिल हो चुके थे.
कागजों पर लगती रही बच्चों की हाजिरी
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गांव से पलायन कर चुके प्रवासी मजदूरों के बच्चों के नाम स्कूल रिकॉर्ड से हटाने के बजाय उनकी लगातार हाजिरी दर्ज की जाती रही. इसके अलावा निजी स्कूलों में पढ़ने वाले और कथित तौर पर अस्तित्व में नहीं रहने वाले बच्चों के नाम भी रिकॉर्ड में शामिल होने का दावा किया गया है. आरोप है कि इस तरह कागजों पर छात्रों की संख्या बढ़ाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया गया.
स्कॉलरशिप से लेकर राशन तक में गड़बड़ी का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि e-Punjab और U-DISE पोर्टल पर छात्रों की संख्या बढ़ाकर दर्ज की गई. इसके आधार पर SC छात्रों के लिए मिलने वाली प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप, मुफ्त यूनिफॉर्म, किताबें और मिड-डे मील के राशन में कथित हेराफेरी की गई. शिकायत में बच्चों को दी जाने वाली एनीमिया की फोलिक एसिड गोलियों और दूसरी दवाइयों के रिकॉर्ड में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है.

बिना परीक्षा के प्रमोशन का भी दावा
मामले में पिछले करीब पांच वर्षों के रिकॉर्ड को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बच्चों का वास्तविक शारीरिक मूल्यांकन या परीक्षा कराए बिना ही असेसमेंट शीट तैयार की गईं और उन्हें e-Punjab पोर्टल पर अपलोड किया गया. शिकायत में इसे शिक्षा के अधिकार (RTE) से जुड़े नियमों और आईटी कानून के उल्लंघन से जोड़ते हुए जांच की मांग की गई है.

RTI के जरिए जानकारी मांगने पर भी उठे सवाल
शिकायत के अनुसार कथित फर्जीवाड़े की जानकारी जुटाने के लिए ग्रामीणों और RTI कार्यकर्ताओं ने तीन अलग-अलग आवेदन दाखिल किए थे. आरोप है कि इन आवेदनों के जरिए मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई और अधिकारियों की मिलीभगत से रिकॉर्ड दबाने की कोशिश हुई. शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि जब किसी शिक्षक या नागरिक ने कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई, तो उसके खिलाफ शिकायतें दर्ज कराकर दूर-दराज के इलाकों में तबादले किए गए. इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से जांच होना अभी बाकी है.
NCSC से रिकॉर्ड सील कर FIR की मांग
मामला NCSC तक पहुंचने के बाद शिकायतकर्ताओं ने स्थानीय स्तर की जांच के बजाय आयोग से सीधे हस्तक्षेप की मांग की है. संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत आयोग से आग्रह किया गया है कि संबंधित रिकॉर्ड को तत्काल सुरक्षित और सील कराया जाए तथा पूरे मामले की पुलिस जांच कराकर FIR दर्ज की जाए. शिकायत में यह भी मांग की गई है कि जांच पूरी होने तक अगर कोई अधिकारी इस कथित घोटाले में दोषी पाया जाता है, तो उसके प्रमोशन और वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक लगाने समेत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए. हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- पंजाब के 85 हजार कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, 42% से बढ़कर 60% हुआ महंगाई भत्ता