PSSSB Senior Assistant Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक खुशखबरी आई है. पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (PSSSB) ने सीनियर असिस्टेंट के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए एक सुनहरा अवसर है जो सरकारी दफ्तरों में काम करने का सपना रखते हैं और जिनके पास ग्रेजुएशन की डिग्री है.
आवेदन प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 7 मार्च 2026 से लेकर 28 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल ऑनलाइन ही किए जाएंगे और इसके लिए उम्मीदवारों को पंजाब SSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा.
पात्रता मानदंड
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ ही उम्मीदवार को कंप्यूटर के बारे में अच्छी जानकारी होनी चाहिए और कम से कम 120 घंटे का कंप्यूटर कोर्स किया होना चाहिए. इसके अलावा, यदि उम्मीदवार के पास NIELIT (DOEACC) का 'O' लेवल सर्टिफिकेट है, तो वह भी आवेदन कर सकते हैं.
आयु सीमा
इस भर्ती के लिए आयु सीमा भी निर्धारित की गई है. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष है. पंजाब के एससी, एसटी और बीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 42 वर्ष तक बढ़ाई गई है. इसके अलावा, राज्य या केंद्र सरकार में कार्यरत उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा 45 वर्ष तक निर्धारित की गई है.
आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क भी अलग-अलग वर्गों के लिए निर्धारित किया गया है. पूर्व सैनिक, ईडब्ल्यूएस, दिव्यांग और एलडीईएसएम (केवल पंजाब के उम्मीदवार) के लिए शुल्क 500 रुपये है. पंजाब के अनुसूचित जाति (SC) और पिछड़ा वर्ग (BC) के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये रखा गया है. अन्य सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1500 रुपये है.
चयन प्रक्रिया
इस भर्ती में चयन के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. यह परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी. इस परीक्षा के परिणामों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी. ध्यान देने वाली बात यह है कि परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है. हर गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे. लिखित परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के बाद, उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित टाइपिंग टेस्ट देना होगा. यह परीक्षा केवल उम्मीदवार की योग्यता को जांचने के लिए होगी. अंत में, मेरिट सूची में चयनित उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा.
वेतनमान
जो उम्मीदवार इस भर्ती के जरिए सीनियर असिस्टेंट के पद पर चयनित होंगे, उन्हें लेवल-6 पे स्केल के तहत वेतन मिलेगा. शुरुआती वेतन लगभग 35,400 रुपये प्रति माह होगा. इस तरह, यह एक बेहतरीन अवसर है उन उम्मीदवारों के लिए जो सरकारी नौकरी में करियर बनाना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: कांस्टेबल बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका, इस राज्य में 3,297 पदों पर बंपर वैकेंसी