क्रिकेटर रिंकू सिंह की होने वाली दुल्हन और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज अपनी सादगी के लिए जानी जाती हैं. शादी की तैयारियों के बीच उनका एक ऐसा ही अंदाज देखने को मिला. 4 दिसंबर को रिंकू सिंह के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहीं प्रिया सरोज हाल ही में एक विवाह समारोह में शामिल हुईं. यहां उनका सिंपल लुक लोगों को खूब पसंद आ रहा है.
दरअसल, प्रिया सरोज विधानसभा मड़ियाहूं के अध्यक्ष रामू मौर्य की बेटी की शादी में पहुंची थीं. उन्होंने इस समारोह की कुछ तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर की हैं. तस्वीरों में वह दुल्हन और उसके परिवार के साथ नजर आ रही हैं. इस दौरान उन्होंने दुल्हन को शादी की शुभकामनाएं दीं और उपहार भी भेंट किया.
इंस्टाग्राम पर शेयर कीं शादी की तस्वीरें
प्रिया सरोज ने शादी समारोह की तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'विधानसभा मड़ियाहूं के अध्यक्ष रामू मौर्य जी की सुपुत्री के विवाह समारोह में सम्मिलित होकर सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया.'
तस्वीरों में प्रिया सरोज दुल्हन को गिफ्ट देती नजर आ रही हैं. उनके साथ दुल्हन और उसके माता-पिता भी खड़े दिखाई दे रहे हैं. गांव की इस शादी में प्रिया का सादगी भरा अंदाज एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
चिकनकारी सूट में खूबसूरत लगीं प्रिया सरोज
इस शादी समारोह के लिए प्रिया सरोज ने व्हाइट कलर का चिकनकारी सूट चुना. इसके साथ उन्होंने मैचिंग लेगिंग्स और गोल्डन-येलो शेड का दुपट्टा कैरी किया. पैरों में काले रंग की फ्लैट्स और कलाई पर घड़ी पहने प्रिया का लुक बेहद सिंपल नजर आया.
उन्होंने अपने बालों को खुला रखा और हल्का मेकअप किया. बिना किसी भारी-भरकम स्टाइलिंग के प्रिया का यह सादा अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है. शादी से पहले भी उनका यह लुक दिखाता है कि वह पारंपरिक और सहज पहनावे को पसंद करती हैं.
लखनऊ के रमाडा होटल में होगी रिंकू-प्रिया की शादी
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में शादी करने वाले हैं. इस खास मौके पर क्रिकेट और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है. खबरों के मुताबिक, दोनों परिवारों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को शादी का न्योता दिया गया है.
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने 8 जून 2025 को सगाई की थी. अब दोनों अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं. शादी का कार्ड देने के लिए रिंकू का परिवार प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला था, जबकि प्रिया अपने परिवार के साथ अखिलेश यादव और डिंपल यादव को न्योता देने पहुंची थीं.
यह भी पढ़ें: IPL 2027: मुंबई इंडियंस में फिर लौटा 'रोहित राज', हार्दिक के बाद हिटमैन को मिली कप्तानी