IPL 2027: मुंबई इंडियंस में फिर लौटा 'रोहित राज', हार्दिक के बाद हिटमैन को मिली कप्तानी

IPL 2027: हार्दिक पंड्या के पंजाब किंग्स में जाने के बाद मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को फिर से कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है. रोहित की अगुवाई में टीम पांच बार IPL खिताब जीत चुकी है. वहीं कीरोन पोलार्ड को नया हेड कोच बनाया गया है.

rohit-sharma-returns-as-mumbai-indians-captain-for-ipl-2027
Image Source: Social Media

Rohit Sharma Captaincy: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 से पहले अपनी कप्तानी को लेकर बड़ा बदलाव किया है. टीम एक बार फिर अपने पुराने और सफल कप्तान रोहित शर्मा पर भरोसा जताने जा रही है. फ्रेंचाइजी ने 27 नवंबर को रोहित को दोबारा कप्तानी सौंपने का ऐलान किया. हार्दिक पंड्या के पंजाब किंग्स में जाने के बाद मुंबई को नए कप्तान की तलाश थी. अब 39 साल के रोहित के हाथों में टीम की कमान होगी. उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता था.

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने जीते थे 5 खिताब

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी. इस उपलब्धि के साथ रोहित ने महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी की, जिन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को कप्तान के रूप में पांच बार चैंपियन बनाया. रोहित ने एक दशक से ज्यादा समय तक मुंबई की अगुवाई की और टीम को आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई.

सोशल मीडिया पर खास अंदाज में हुआ कप्तानी का ऐलान

मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर रोहित शर्मा की तस्वीर साझा करते हुए उनकी वापसी का संकेत दिया. फ्रेंचाइजी ने पोस्ट में लिखा, 'मुस्कुराइए, सब लोग मुस्कुराइए.' इसके साथ ब्लू हार्ट और #CaptainRo हैशटैग भी लगाया गया. रोहित की कप्तानी में वापसी की खबर सामने आते ही मुंबई इंडियंस के समर्थकों के बीच नए सीजन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

मुंबई इंडियंस के लिए कैसा रहा है रोहित का कप्तानी रिकॉर्ड?

मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा ने कुल 163 मुकाबलों में कप्तानी की है. इसमें चैम्पियंस लीग टी20 के मैच भी शामिल हैं. उनकी अगुवाई में टीम ने 91 मुकाबले जीते, जबकि 68 मैचों में हार का सामना करना पड़ा. चार मुकाबले टाई रहे. इस तरह रोहित की कप्तानी में मुंबई का जीत प्रतिशत 55.82 रहा. कप्तानी के अनुभव और पांच आईपीएल खिताबों के रिकॉर्ड के चलते फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी है.

हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई का प्रदर्शन रहा निराशाजनक

हार्दिक पंड्या को आईपीएल 2024 से पहले गुजरात टाइटन्स से मुंबई इंडियंस में वापस लाया गया था. गुजरात को 2022 में चैंपियन बनाने के बाद उन्हें मुंबई की कप्तानी सौंपी गई थी और रोहित को इस जिम्मेदारी से हटाया गया था. हालांकि, हार्दिक की कप्तानी में पिछले तीन सीजन के दौरान टीम दो बार प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी. आईपीएल 2026 में मुंबई का प्रदर्शन भी खराब रहा और टीम 14 लीग मैचों में सिर्फ चार जीत के साथ अंकतालिका में नौवें स्थान पर रही. कप्तानी में बदलाव के दौरान हार्दिक को वानखेड़े स्टेडियम में दर्शकों की हूटिंग का भी सामना करना पड़ा था.

कीरोन पोलार्ड बने मुंबई इंडियंस के नए हेड कोच

कप्तानी में बदलाव के साथ मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में भी फेरबदल किया है. फ्रेंचाइजी ने कीरोन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच बनाया है. वहीं रॉबिन उथप्पा बल्लेबाजी कोच, मिचेल मैक्लेनघन गेंदबाजी कोच, टी. दिलीप फील्डिंग कोच और धवल कुलकर्णी डेवलपमेंट गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे. अब नए कप्तान रोहित शर्मा और नए कोचिंग स्टाफ के साथ मुंबई इंडियंस आईपीएल 2027 में उतरने की तैयारी करेगी.

ये भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह ने बदला गेंदबाजी का अंदाज? रन-अप से लेकर हैंड पोजीशन तक दिखा अंतर