Delimitation Bill: केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर बड़ा कदम उठाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है. सरकार की योजना के मुताबिक, परिसीमन के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान अनुपात में 50 फीसदी तक बढ़ाई जाएगी. यह व्यवस्था 2051 तक लागू रह सकती है. सरकार ने 30 नवंबर को संसद का सत्र भी बुलाया है. ऐसे में अब इस विधेयक को लेकर संसद में सियासी हलचल तेज होने की संभावना है.
दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता दूर करने की कोशिश
परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्य लगातार यह आशंका जता रहे थे कि लोकसभा सीटों के नए बंटवारे से संसद में उनकी हिस्सेदारी कम हो सकती है. इसी चिंता को दूर करने के लिए सरकार ने सभी राज्यों की सीटों में समान अनुपात से 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है. इस मुद्दे पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक बुलाई गई थी. बैठक में सभी मंत्रियों को मौजूद रहने के निर्देश दिए गए थे.
850 तक पहुंच सकती है लोकसभा सीटों की संख्या
प्रस्तावित परिसीमन के बाद लोकसभा में सीटों की कुल संख्या बढ़कर 850 तक हो सकती है. इसके तहत उत्तर प्रदेश में मौजूदा 80 सीटें बढ़कर 120, बिहार में 40 से 60, महाराष्ट्र में 48 से 72 और पश्चिम बंगाल में 42 से 63 हो सकती हैं. वहीं तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़कर करीब 59 होने का अनुमान है. सरकार ने परिसीमन विधेयक के साथ महिला आरक्षण के प्रावधान को भी जोड़ने की तैयारी की है.
2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण
सरकार के इस प्रस्ताव का एक बड़ा उद्देश्य लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है. परिसीमन और महिला आरक्षण को एक साथ लागू करने की योजना के तहत 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का रास्ता साफ हो सकता है. इस फैसले को संसद में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. हालांकि, विधेयक को लेकर अलग-अलग राजनीतिक दलों के बीच सहमति बनाना सरकार के लिए बड़ी चुनौती हो सकती है.
विधेयक देखा नहीं, अभी कुछ नहीं कह सकती-सुप्रिया सुले
एनसीपी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले ने विधेयक को लेकर कहा कि उन्हें अभी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें विधेयक और उसका एजेंडा नहीं मिलता, तब तक वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकतीं. हालांकि, इससे पहले सुले ने देशहित में विधेयक का समर्थन करने के संकेत दिए थे. उनके इस रुख के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं.
संजय राउत ने लगाए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप
दूसरी ओर, शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि विधेयक पारित कराने के लिए हॉर्स ट्रेडिंग की जा रही है और 150 करोड़ रुपये में वोट खरीदने की कोशिश हो रही है. राउत ने विधेयक का समर्थन करने वालों को 21वीं सदी का सबसे बड़ा गद्दार तक बताया था. वहीं, डीएमके के समर्थन को लेकर भी चर्चाएं हैं, लेकिन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने साफ किया है कि इस मुद्दे पर उनकी पार्टी का रुख नहीं बदला है.