Delimitation Bill 2026: देश की चुनावी व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी हो रही है. केंद्र सरकार लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण लागू करने की योजना पर आगे बढ़ रही है. इसके लिए संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश किया जाना है. प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 और राज्यों की विधानसभाओं की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 की जाएगी. इस पूरी प्रक्रिया में परिसीमन की अहम भूमिका होगी, जिसके तहत चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय की जाएंगी.
50 फीसदी बढ़ेंगी लोकसभा और विधानसभा की सीटें
सरकार के प्रस्ताव के अनुसार लोकसभा और सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या के मुकाबले 50 फीसदी का इजाफा किया जाएगा. यानी किसी राज्य में अभी जितनी विधानसभा सीटें हैं, परिसीमन के बाद उनकी संख्या में आधी बढ़ोतरी हो सकती है. लोकसभा में राज्यों से चुने जाने वाले सदस्यों की अधिकतम सीमा 530 से बढ़ाकर 815 और केंद्र शासित प्रदेशों की सीमा 20 से बढ़ाकर 35 करने का प्रस्ताव है. इस तरह सदन की कुल अधिकतम संख्या 850 हो जाएगी. हालांकि किस राज्य को कितनी नई सीटें मिलेंगी, इसका स्पष्ट ब्योरा विधेयक में नहीं दिया गया है.
परिसीमन से तय होंगी नई सीटें और सीमाएं
इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 81, 82 और 170 में बदलाव किए जाएंगे. परिसीमन का मतलब चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं को दोबारा निर्धारित करना और अलग-अलग राज्यों को मिलने वाली सीटों का नया बंटवारा करना है. इसके तहत न केवल नई सीटें बनाई जाएंगी, बल्कि मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं भी बदली जा सकती हैं. विधेयक के मुताबिक परिसीमन के लिए संशोधन लागू होने के समय उपलब्ध सबसे ताजा प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा. नई सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों का बंटवारा 2051 तक लागू रखने का प्रस्ताव है.
किस जनगणना के आंकड़ों से होगा परिसीमन?
विधेयक में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि परिसीमन के लिए 2021 की जनगणना का इस्तेमाल होगा या 2027 की जनगणना के आंकड़े लिए जाएंगे. इसमें केवल यह प्रावधान रखा गया है कि संशोधन लागू होने की तारीख तक जो सबसे ताजा जनगणना आधिकारिक रूप से प्रकाशित हो चुकी होगी, उसी के आधार पर परिसीमन किया जाएगा. ऐसे में जनगणना के आंकड़ों की उपलब्धता इस पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण होगी. फिलहाल राज्यवार सीटों के बंटवारे और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने का विस्तृत फॉर्मूला भी सामने नहीं आया है.
पहले परिसीमन फिर लागू होगा महिलाओं को आरक्षण
सरकार का प्रस्ताव लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण लागू करने से जुड़ा है. इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को भी शामिल किया गया है. इसके लिए संविधान के अनुच्छेद 334A में बदलाव करने की बात कही गई है. प्रस्ताव के अनुसार नया संशोधन लागू होने के बाद होने वाला पहला परिसीमन पूरा होने पर महिला आरक्षण प्रभावी होगा. यह प्रावधान दिल्ली, पुडुचेरी और जम्मू-कश्मीर की विधानसभाओं पर भी लागू होगा. महिला आरक्षण की अवधि 15 साल रखी गई है, जिसकी गणना 2023 के 106वें संविधान संशोधन अधिनियम के लागू होने की तारीख से होगी. हालांकि संसद कानून बनाकर इस अवधि को आगे बढ़ा सकती है.
2023 के महिला आरक्षण कानून को मिलेगी नई राह
गौरतलब है कि संसद ने 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण का प्रावधान किया था. इसमें एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए भी आरक्षण शामिल है. अब प्रस्तावित 132वां संविधान संशोधन इस व्यवस्था को परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाने के जरिए लागू करने का रास्ता तैयार करना चाहता है. विधेयक लोकसभा में पेश होने के बाद इस पर आगे की प्रक्रिया तय होगी. फिलहाल राज्यवार सीटों की संख्या, परिसीमन का विस्तृत आधार और इस्तेमाल होने वाली जनगणना के आंकड़ों को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है.
ये भी पढ़ें- मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला! परिसीमन बिल में बदलावों को मंजूरी, सभी राज्यों में 50% बढ़ेंगी सीटें