Voter List Correction: भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सुधार से जुड़े नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. आयोग ने साफ किया है कि मतदाता सूची में किसी भी व्यक्ति के नाम, पिता या अन्य संबंधी के नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और फोटो में गलती मिलने पर उसका सत्यापन कराया जाएगा. इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत गलतियों को ठीक किया जाएगा. आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में दर्ज हर व्यक्ति की जानकारी सही हो और किसी भी मतदाता का विवरण गलत न रहे.
1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर होगा पुनरीक्षण
निर्वाचन आयोग ने बुधवार को पत्र संख्या 23/2026-ERS जारी कर सभी संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं. यह विशेष पुनरीक्षण 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर किया जा रहा है. इसके तहत मौजूदा मतदाता सूची में दर्ज जानकारियों का मिलान एसआईआर के दौरान जुटाए गए संबंधित विवरणों से किया जाएगा. दोनों रिकॉर्ड में अंतर या किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित मतदाता की प्रविष्टि को जांच और सुधार के लिए चिह्नित किया जाएगा.
BLO घर जाकर करेंगे मतदाताओं के विवरणों की जांच
आयोग के निर्देशों के मुताबिक, जिन मतदाताओं की जानकारी में विसंगति पाई जाएगी, उनके घर जाकर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) विवरणों का सत्यापन करेंगे. जरूरत पड़ने पर संबंधित मतदाता से विधिवत भरा हुआ और हस्ताक्षरित फॉर्म-8 भी लिया जाएगा. इसके बाद सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) आवेदन की जांच करेंगे और निर्धारित नियमों के अनुसार उस पर फैसला लेंगे.
फॉर्म-8 के बिना नहीं बदलेगी मतदाता सूची की जानकारी
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में जनसांख्यिकीय विवरणों से जुड़ा कोई भी सुधार फॉर्म-8 के जरिए ही किया जाएगा. इसके लिए संबंधित मतदाता का हस्ताक्षरित आवेदन जरूरी होगा. साथ ही सक्षम अधिकारी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन और मंजूरी मिलने के बाद ही जानकारी में बदलाव किया जा सकेगा. आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि केवल स्वचालित पहचान (Automated Identification) के आधार पर किसी मतदाता का विवरण नहीं बदला जाएगा.
ECINet पोर्टल से संचालित होगी सुधार की पूरी प्रक्रिया
मतदाता सूची में गलत या संदिग्ध प्रविष्टियों की पहचान से लेकर उनके सत्यापन और सुधार तक की पूरी प्रक्रिया ECINet के संबंधित BLO, AERO और ERO मॉड्यूल के माध्यम से पूरी की जाएगी. आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को नए निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है. इस व्यवस्था के जरिए हर बदलाव को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरा किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची में बिना उचित जांच के कोई संशोधन न हो.
इन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को भेजे गए निर्देश
निर्वाचन आयोग का यह पत्र अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल समेत संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को भेजा गया है. आयोग का कहना है कि विशेष पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में मौजूद संभावित गलतियों को दूर करना जरूरी है, ताकि प्रत्येक मतदाता की पहचान और व्यक्तिगत विवरण सही तरीके से दर्ज रहें.
ये भी पढ़ें- न सैनिक, न ड्राइवर... भारत बना रहा बिना क्रू वाला लड़ाकू BMP-2, दुश्मन पर रिमोट से होगी फायरिंग