26/11 Attack: मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले को आज 18 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन उस रात का खौफनाक मंजर आज भी देशवासियों के जेहन में ताजा है. 60 घंटे तक चले इस हमले ने पूरी मुंबई को दहला दिया था. आतंकियों ने शहर के कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया और अंधाधुंध गोलीबारी कर 166 निर्दोष लोगों की जान ले ली. इस दौरान 300 से अधिक लोग घायल हुए थे. हमले की बरसी पर मुंबई एक बार फिर उन निर्दोष नागरिकों और वीर जवानों को श्रद्धांजलि दे रही है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवाई.
26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए लश्कर-ए-तैयबा के 10 हथियारबंद आतंकी मुंबई पहुंचे थे. इसके बाद उन्होंने शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ हमले शुरू कर दिए. छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज महल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल जैसे प्रमुख स्थान आतंकियों के निशाने पर रहे.
60 घंटे तक दहशत में रही मुंबई
आतंकियों ने कई जगहों पर लोगों को बंधक बना लिया था. हालात इतने भयावह थे कि मुंबई पुलिस के साथ सेना और सुरक्षा बलों को भी मोर्चा संभालना पड़ा. मुंबई पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नौसेना के मरीन कमांडो और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) ने संयुक्त अभियान चलाया. करीब 60 घंटे तक चली कार्रवाई के बाद हमले को खत्म किया जा सका. इस ऑपरेशन में कई सुरक्षाकर्मियों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया. हमले में शामिल 10 आतंकियों में से अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था. मुकदमे के बाद नवंबर 2012 में उसे फांसी दे दी गई.
मुंबई ने पहले भी झेले हैं कई बड़े आतंकी हमले
26/11 मुंबई हमले से पहले भी शहर कई बड़े आतंकी हमलों का दर्द झेल चुका है. 12 मार्च 1993 को मुंबई में 12 जगहों पर सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे, जिनमें 257 लोगों की मौत हो गई थी.
इसके बाद 11 जुलाई 2006 को मुंबई की लोकल ट्रेनों में हुए सिलसिलेवार धमाकों में 188 लोगों की जान गई. वहीं, 13 जुलाई 2011 को दादर, झावेरी बाजार और ओपेरा हाउस में हुए तीन बम धमाकों में 27 लोग मारे गए थे. इन घटनाओं ने बार-बार शहर की सुरक्षा व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कीं.
कसाब को पकड़ने वाले तुकाराम ओंबले को भी किया जाता है याद
26/11 हमले की बरसी पर हर साल मुंबई पुलिस मुख्यालय और हमले में निशाना बनाए गए स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. मुंबईवासी प्रेरणा स्थल पर भी जुटते हैं, जहां सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की प्रतिमा स्थापित है. तुकाराम ओंबले ने दक्षिण मुंबई के गिरगांव चौपाटी पर आतंकियों का सामना किया था. उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना अजमल कसाब को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई और इस दौरान शहीद हो गए. उनका साहस आज भी देश के लिए सर्वोच्च बलिदान की मिसाल है.
हेडली और तहव्वुर राणा से जुड़ी जांच में क्या हुआ?
26/11 हमले की साजिश में शामिल डेविड हेडली ने अमेरिकी अदालत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय अदालत में बयान दिया था. वहीं, एक अन्य आरोपी तहव्वुर राणा को 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया. हालांकि, हमले की साजिश से जुड़े कई प्रमुख आरोपी अब भी भारत की पहुंच से बाहर हैं. इनमें लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी जैसे नाम शामिल हैं. माना जाता है कि इनमें से कई पाकिस्तान में मौजूद हैं.
18 साल बाद भी देश को सतर्क रहने का संदेश देता है 26/11
26/11 की त्रासदी केवल मुंबई पर हुआ हमला नहीं थी, बल्कि इसने पूरे देश की सुरक्षा और खुफिया व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल खड़े किए थे. इस हमले के बाद भारत ने समुद्री सुरक्षा, खुफिया तंत्र और आतंकवाद विरोधी अभियानों को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए.
18 साल बाद भी यह घटना देश को याद दिलाती है कि आतंकवाद के खिलाफ सतर्कता, एकजुटता और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था कितनी जरूरी है. मुंबई आज उन सभी लोगों को याद कर रही है, जिन्होंने उस काली रात में अपनी जान गंवाई और आतंक के सामने हिम्मत नहीं हारी.