Modi Cabinet Meeting: संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार की हलचल तेज हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 27 नवंबर को कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है. यह बैठक दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ में आयोजित होगी. संसद की आगामी कार्यवाही और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को देखते हुए इस बैठक पर सबकी नजरें रहेंगी.
महिला आरक्षण और परिसीमन पर हो सकती है चर्चा
मोदी कैबिनेट की बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब केंद्र सरकार ने संसद की लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. उनके मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को बुलाने का प्रस्ताव है. दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है.
संसद के विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलाव का मुद्दा अहम रह सकता है. सरकार सोमवार को लोकसभा में यह विधेयक पेश कर सकती है. ऐसे में कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है.
कैबिनेट बैठक के एजेंडे पर नजर
हालांकि, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी जारी नहीं किया गया है. ऐसे में यह देखना अहम होगा कि सरकार किन मुद्दों पर चर्चा करती है और क्या फैसले लिए जाते हैं. संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले होने वाली इस बैठक को राजनीतिक और संसदीय लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
कांग्रेस ने भी तैयार की रणनीति
उधर, संसद के आगामी सत्र को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है. पार्टी ने 27 नवंबर को दिल्ली में शाम 4:30 बजे कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है. इस बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी. इसमें संसद के विशेष सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति और उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
ये भी पढ़ें- आजादी के बाद संविधान के मूल्यों को युवाओं तक पहुंचाना भूल गए… संविधान दिवस पर बोले अमित शाह