भारत और फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी के लिए आज का दिन बेहद अहम है. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचे हैं. मुंबई एयरपोर्ट पर उनका स्वागत महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया. उनके साथ फ्रांस की फर्स्ट लेडी ब्रिगिट मैक्रों भी मौजूद रहीं.
आज दोपहर करीब 3:15 बजे मुंबई के लोक भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी. इस बैठक में अब तक की भारत-फ्रांस साझेदारी की समीक्षा की जाएगी और नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी.
सूत्रों के अनुसार, रक्षा, व्यापार, स्किलिंग, स्वास्थ्य और सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में लगभग एक दर्जन समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं. शाम को राज भवन के दरबार हॉल में इन समझौतों का औपचारिक आदान-प्रदान होगा. इसके बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस बयान जारी करेंगे.