Pravasi Bharatiya Divas: किस देश में रहते हैं सबसे ज्यादा प्रवासी भारतीय? लिस्ट देखकर हो जाएंगे हैरान!

भारत हर साल 9 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस मनाता है. यह दिन विदेशों में रह रहे भारतीयों के योगदान को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है.

Pravasi Bharatiya Divas which country most expatriate Indians live
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Pravasi Bharatiya Divas: भारत हर साल 9 जनवरी को प्रवासी भारतीय दिवस मनाता है. यह दिन विदेशों में रह रहे भारतीयों के योगदान को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है. प्रवासी भारतीय दुनिया भर में भारत की संस्कृति, पहचान और सॉफ्ट पावर को मजबूत कर रहे हैं. भारत का प्रवासी समुदाय दुनिया का सबसे बड़ा डायस्पोरा माना जाता है, जो लगभग हर महाद्वीप में फैला हुआ है.

दुनिया में कितने हैं भारतीय मूल के लोग

सरकारी और अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों के अनुसार, दुनिया भर में लगभग 3.54 करोड़ (35.4 मिलियन) भारतीय मूल के लोग भारत के बाहर रहते हैं.

इनमें दो श्रेणियां शामिल हैं—

  • अनिवासी भारतीय (NRI): भारतीय पासपोर्ट धारक
  • भारतीय मूल के व्यक्ति (PIO): भारतीय जड़ों वाले विदेशी नागरिक

कुल आंकड़ों में करीब 1.58 करोड़ अनिवासी भारतीय और 1.96 करोड़ से ज्यादा भारतीय मूल के व्यक्ति शामिल हैं.

अमेरिका में सबसे ज्यादा भारतीय मूल की आबादी

भारतीय मूल की कुल आबादी के मामले में संयुक्त राज्य अमेरिका पहले स्थान पर है. 2025-26 तक अमेरिका में करीब 5.4 से 5.7 मिलियन भारतीय रहते हैं.

अमेरिका में भारतीय समुदाय टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, शिक्षा, बिजनेस और राजनीति जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है. बीते दो दशकों में वहां भारतीयों का आर्थिक और राजनीतिक प्रभाव लगातार बढ़ा है.

सबसे ज्यादा अनिवासी भारतीय यूएई में

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) वह देश है जहां सबसे अधिक अनिवासी भारतीय रहते हैं. यहां करीब 3.6 से 3.9 मिलियन भारतीय मौजूद हैं, जो देश की कुल आबादी का लगभग एक-तिहाई हिस्सा है.

यूएई में भारतीय निर्माण, सेवा क्षेत्र, हेल्थकेयर, व्यापार और वाइट-कॉलर नौकरियों में काम कर रहे हैं.

मलेशिया और कनाडा में भी बड़ी भारतीय आबादी

अमेरिका और यूएई के बाद मलेशिया और कनाडा में भारतीयों की संख्या काफी अधिक है.

  • मलेशिया: करीब 2.9 मिलियन भारतीय, जिनमें कई परिवार पीढ़ियों से वहां बसे हैं.
  • कनाडा: स्टूडेंट माइग्रेशन और परमानेंट रेजिडेंसी के चलते भारतीय आबादी बढ़कर 2.8 से 2.9 मिलियन तक पहुंच गई है.

खाड़ी और अन्य देशों में भारतीय समुदाय

खाड़ी देशों में भारतीयों की मौजूदगी मजबूत बनी हुई है.

  • सऊदी अरब: करीब 2.5 से 2.7 मिलियन भारतीय
  • कुवैत: बड़ी संख्या में अनिवासी भारतीय

इसके अलावा यूनाइटेड किंगडम, म्यांमार, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका में भी भारतीय समुदाय की संख्या 10 से 20 लाख के बीच है.

किन देशों में भारतीयों की संख्या सबसे कम

दुनिया में कुछ ऐसे देश भी हैं जहां भारतीय आबादी बेहद कम है.

वेटिकन सिटी और सैन मैरिनो: कोई स्थायी भारतीय निवासी नहीं

  • माइक्रोनेशिया, किरिबाती: 5 से भी कम भारतीय
  • बोलिविया: 50–60 भारतीय
  • बोस्निया और हर्जेगोविना: 25–30 भारतीय
  • बहामास: 200–250 भारतीय
  • अजरबैजान: 1000 से कम अनिवासी भारतीय

प्रवासी भारतीय न केवल रेमिटेंस के जरिए भारतीय अर्थव्यवस्था में योगदान देते हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की संस्कृति, भाषा और पहचान को भी मजबूती प्रदान करते हैं. इसी योगदान को सम्मान देने के लिए हर साल प्रवासी भारतीय दिवस मनाया जाता है.

ये भी पढ़ें- तुर्कमान गेट हिंसा मामले में अब तक 12 गिरफ्तार, जुमे की नमाज से पहले भारी संख्या में फोर्स तैनात