The Raja Saab: प्रभास की फिल्म का बुरा हाल, कितना हुआ द राजा साब का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन?

प्रभास स्टारर फिल्म ‘द राजा साब’ से रिलीज से पहले दर्शकों और मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं.

Prabhas movie The Raja Saab Box Office Collection
Image Source: Social Media

The Raja Saab: प्रभास स्टारर फिल्म ‘द राजा साब’ से रिलीज से पहले दर्शकों और मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं. फिल्म को बड़े पैमाने पर प्रमोट किया गया और शुरुआत में फैंस के बीच अच्छा खासा उत्साह भी देखने को मिला. हालांकि, थिएटर में उतरते ही फिल्म की रफ्तार थम गई. कमजोर कहानी और नकारात्मक रिव्यूज ने फिल्म की कमाई पर गहरा असर डाला है.

रिलीज के महज 9 दिनों के भीतर ही फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन तेजी से गिर गया है. अब हालात ऐसे बन गए हैं कि भारी बजट के बावजूद फिल्म का लागत निकाल पाना मुश्किल नजर आ रहा है.

नौवें दिन का बॉक्स ऑफिस हाल

Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, ‘द राजा साब’ ने नौवें दिन लगभग 3 करोड़ रुपये की कमाई की है. हालांकि, इन आंकड़ों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. यदि यह आंकड़ा सही माना जाए, तो फिल्म का अब तक का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 136.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 400 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इस लिहाज से देखा जाए तो फिल्म फिलहाल अपने बजट से काफी पीछे चल रही है और हिट होने की संभावना कमजोर होती दिख रही है.

शानदार शुरुआत के बाद आई गिरावट

फिल्म ने रिलीज से पहले ही पेड प्रीव्यू से 9.15 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी, जो पूरी तरह तेलुगू भाषा में थी. इसके बाद ओपनिंग डे पर फिल्म ने दमदार शुरुआत करते हुए 53.73 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.

हर भाषा में कमाई कुछ इस प्रकार रही:

  • तेलुगू: 47 करोड़ रुपये
  • हिंदी: 6 करोड़ रुपये
  • तमिल: 55 लाख रुपये
  • कन्नड़: 10 लाख रुपये
  • मलयालम: 10 लाख रुपये

हालांकि, इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिली.

दिन-प्रतिदिन घटता गया कारोबार

  • दूसरा दिन: 26 करोड़ रुपये
  • तीसरा दिन: 19.1 करोड़ रुपये
  • चौथा दिन: 6.6 करोड़ रुपये
  • पांचवां दिन: 4.8 करोड़ रुपये
  • छठा दिन: 5.35 करोड़ रुपये
  • सातवां दिन: 5.5 करोड़ रुपये
  • आठवां दिन: 3.5 करोड़ रुपये
  • नौवां दिन: लगभग 3 करोड़ रुपये (अनुमानित)

इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म का बॉक्स ऑफिस ग्राफ लगातार नीचे गिरता चला गया. वीकेंड का फायदा भी फिल्म को ज्यादा नहीं मिल सका.

कमजोर कंटेंट बना बड़ी वजह

क्रिटिक्स की ओर से फिल्म को ज्यादातर नकारात्मक रिव्यू मिले हैं. वहीं दर्शकों की प्रतिक्रिया भी मिली-जुली से कमजोर रही. यही वजह है कि शुरुआती दिनों के बाद सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या तेजी से कम होती चली गई.

‘द राजा साब’ का निर्देशन मारुति ने किया है. फिल्म में प्रभास मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं. उनके अलावा संजय दत्त और निधि अग्रवाल भी अहम किरदारों में दिखाई देते हैं. दमदार स्टारकास्ट और बड़े बजट के बावजूद फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम साबित हो रही है.

ये भी पढ़ें- भारत के लिए क्यों जरूरी है ईरान का चाबहार बंदरगाह, क्या अमेरिका के दबाव में पीछे हट जाएगा नई दिल्ली?