Baahubali: The Eternal War: ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइज़ी, जिसमें दो ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर फिल्में ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ और ‘बाहुबली: द कन्क्लूज़न’ शामिल हैं, भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय और प्रभावशाली फ्रेंचाइज़ियों में से एक मानी जाती है. दुनिया भर में सबसे ज़्यादा देखी जाने वाली भारतीय कहानियों में शामिल यह फ्रेंचाइज़ी आज भी अपनी जबरदस्त लोकप्रियता और सांस्कृतिक प्रभाव बनाए हुए है. बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाने और वैश्विक स्तर पर नए मानक स्थापित करने के बाद अब ‘बाहुबली’ की विरासत ‘बाहुबली: द इटरनल वॉर’ के साथ आगे बढ़ रही है, जिसके टीज़र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी चर्चा बटोरी है. इसी बीच, प्रभास ने ऐनेसी इंटरनेशनल एनीमेशन फिल्म फेस्टिवल 2026 में इस प्रोजेक्ट की मौजूदगी पर अपनी खुशी जाहिर की.
प्रभास ने अपने सोशल मीडिया पर ‘बाहुबली: द इटरनल वॉर’ का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि #BaahubaliTheEternalWar को ऐनेसी इंटरनेशनल एनीमेशन फिल्म फेस्टिवल 2026 के वर्क-इन-प्रोग्रेस सेशंस में प्रस्तुत किया गया. टीम कुछ बेहद खास बना रही है. दुनिया इसे देखे, इसका इंतज़ार नहीं कर सकता."
इस उपलब्धि को और खास बनाते हुए, फेस्टिवल में ‘बाहुबली: द इटरनल वॉर’ के वर्क-इन-प्रोग्रेस पैनल के टिकट बुकिंग शुरू होने के महज़ दो मिनट के भीतर ही बिक गए, जो इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों की जबरदस्त उत्सुकता को दर्शाता है.
ऐनेसी इंटरनेशनल एनीमेशन फिल्म फेस्टिवल हर साल जून के अंतिम सप्ताह में फ्रांस के ऐनेसी शहर में आयोजित किया जाता है. यह दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित एनीमेशन फिल्म समारोहों में से एक है, जहां पारंपरिक एनीमेशन, कट-आउट, क्लेमेशन, CGI जैसी विभिन्न तकनीकों से बनी फिल्मों के बीच प्रतियोगिता होती है. फेस्टिवल के दौरान शहर के कई सिनेमाघरों में फिल्मों का प्रदर्शन किया जाता है, वहीं शहर के केंद्र में स्थित झील और पहाड़ों के बीच खुले मैदान में भी विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाती है. समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया जाता है.
‘बाहुबली: द इटरनल वॉर’ दो भागों में बनने वाली एक भव्य एनिमेटेड फिल्म है, जिसका निर्देशन पुरस्कार विजेता फिल्मकार ईशान शुक्ला कर रहे हैं. इसके पहले भाग का टीज़र पहले ही रिलीज़ किया जा चुका है और फिल्म 2027 में रिलीज़ होने वाली है.
ये भी पढ़ें: 'Lock Upp: Sach Ya Sazaa' खो चुका है अपना असली तड़का? कंगना के जाते ही फीकी पड़ी कंट्रोवर्सी