Jensen Huang Resignation: कॉर्पोरेट दुनिया में किसी बड़ी कंपनी का CEO बनना जितना मुश्किल है, उतनी ही मुश्किल उस पद पर अपनी जगह बनाए रखना भी है. कई बार कंपनियों के बड़े अधिकारी अपने काम के बजाय निजी रिश्तों को लेकर विवादों में फंस जाते हैं. इसका असर उनके करियर पर भी पड़ता है और उन्हें अपनी कुर्सी तक छोड़नी पड़ती है. टेक कंपनी Nvidia के CEO और को-फाउंडर जेनसन हुआंग का मामला भी इन दिनों इसी वजह से चर्चा में है. बताया जा रहा है कि ऐलिस हुआंग नाम की महिला के साथ कथित अफेयर और उनके चीन की खुफिया एजेंसी से संभावित संबंधों को लेकर विवाद खड़ा हुआ है. हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जरूरी है.
जेनसन हुआंग का मामला दूसरे CEO से कुछ अलग बताया जा रहा है. जहां पहले कई कंपनियों के प्रमुखों को ऑफिस में रिश्ते और कंपनी की नीतियों का उल्लंघन करने के कारण पद छोड़ना पड़ा, वहीं हुआंग के मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवाल भी उठ रहे हैं. यह मामला अमेरिकी संसद तक पहुंचने की बात कही जा रही है. ऐसे में आइए जानते हैं उन बड़े CEO के बारे में, जिन्हें निजी रिश्तों के कारण अपनी नौकरी गंवानी पड़ी.
BP के CEO बर्नार्ड लूनी
ब्रिटिश एनर्जी कंपनी BP के पूर्व CEO बर्नार्ड लूनी को भी ऑफिस में बने रिश्तों के कारण अपना पद छोड़ना पड़ा था. सितंबर 2023 में उन्होंने CEO पद से इस्तीफा दे दिया था. कंपनी की जांच में सामने आया कि लूनी के कंपनी में काम करने वाली कुछ महिला कर्मचारियों के साथ निजी संबंध थे. उन्होंने इन रिश्तों की पूरी जानकारी कंपनी को नहीं दी थी.
इस मामले के सामने आने के बाद कंपनी के कामकाज और नियमों को लेकर सवाल उठने लगे. इसके बाद BP ने उनके खिलाफ कार्रवाई की. कंपनी ने उनके वेतन और दूसरे भुगतान का बड़ा हिस्सा वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू की थी.
नेस्ले के CEO लॉरेंट फ्रीक्स
दुनिया की बड़ी फूड और बेवरेज कंपनियों में शामिल नेस्ले के CEO लॉरेंट फ्रीक्स को सितंबर 2025 में पद से हटा दिया गया था. कंपनी की जांच में पता चला कि उनका अपनी ही टीम में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के साथ निजी रिश्ता था. उन्होंने इस बारे में कंपनी को जानकारी नहीं दी थी.
नेस्ले ने इसे कंपनी के नियमों और आचार संहिता का उल्लंघन माना. इसके बाद कंपनी ने उन्हें CEO के पद से हटाने का फैसला किया.
मैकडॉनल्ड्स के CEO स्टीव ईस्टरब्रुक
फास्ट फूड कंपनी मैकडॉनल्ड्स के पूर्व CEO स्टीव ईस्टरब्रुक को भी अपने निजी रिश्ते की वजह से नौकरी गंवानी पड़ी थी. नवंबर 2019 में कंपनी ने उन्हें पद से हटा दिया था. जांच में पता चला कि उनका कंपनी की एक कर्मचारी के साथ आपसी सहमति से रिश्ता था.
हालांकि, दोनों के बीच यह रिश्ता आपसी सहमति से था, लेकिन कंपनी की नीति के मुताबिक ऐसे संबंधों की अनुमति नहीं थी. मामला सामने आने के बाद मैकडॉनल्ड्स ने उनके खिलाफ कार्रवाई की. बाद में एक कानूनी समझौते के तहत उन्हें कंपनी से मिले पैकेज की बड़ी रकम भी लौटानी पड़ी थी.
एस्ट्रोनॉमर के CEO एंडी बायरन
टेक कंपनी एस्ट्रोनॉमर के CEO एंडी बायरन का मामला जुलाई 2025 में सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहा था. एक कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के दौरान उनका अपनी कंपनी की एक महिला कर्मचारी के साथ गले लगते हुए वीडियो वायरल हो गया था.
वीडियो सामने आने के बाद कंपनी में विवाद शुरू हो गया. इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हुई. विवाद बढ़ने के बाद एंडी बायरन को CEO का पद छोड़ना पड़ा. इस तरह एक कॉन्सर्ट का वायरल वीडियो उनके कॉर्पोरेट करियर पर भारी पड़ गया.