चंडीगढ़, भारत 24 डिजिटल डेस्क: नगर निगम फरीदाबाद की लापरवाही (Faridabad News) सामने आई. साल 2020 में नगर निगम में शामिल किए गए 24 गांवों के ट्यूबवेल ऑपरेटरों को नगर निगम के माध्यम से वेतन न देने के एक मामले में सुनवाई की गई थी. इसमें एक ही डिस्पैच नंबर पर दो चिट्ठियां जारी की गई थी. इनमें एक में कर्मचारियों को नगर निगम के माध्यम से वेतन देने व दूसरे में न देने की चिट्ठी लिखी गई थी. इस पर नगर निगम के एक कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया. वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल (CM Manohar Lal) ने उस कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश साथ ही पूरे मामले की जांच के भी आदेश दिए हैं.
सीएम मनोहर ने दिए निर्देश
सीएम मनोहर लाल बुधवार को फरीदाबाद के एचएसवीपी कन्वेंशन सेंटर में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. बैठक में 16 परिवाद रखे गए जिनमें से 13 परिवादों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया. इसमें बल्लभगढ़ निवासी शारदा देवी के 66 गज के प्लॉट पर अवैध कब्जे का मामला भी था. महिला का कहना था कि उसने पूरे पैसे देकर रजिस्ट्री व इंतकाल करवाया था, लेकिन उसके मकान पर कब्जा कर लिया गया. इस पर सीएम ने संज्ञान लेते हुए पुलिस को निर्देश दिए कि कब्जा खाली करवाकर शारदा देवी को मकान दिलाना सुनिश्चित किया जाए. इसके साथ ही एचएसवीपी सेक्टर में एक प्लाटधारक द्वारा निलामी में प्लाट खरीदने के बावजूद कब्जा न मिलने पर उसे पालिसी बनाकर उसी कीमत व साईज का दूसरा प्लाट देने के निर्देश दिए.
गंदे पानी की समस्या का समाधान
वहीं फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की एचकेआरएन में एंट्री न करने से संबंधित एक मामले में निर्देश देते हुए सीएम ने कहा कि जब कर्मचारी काम कर रहें हैं उन्हें जल्द ही एचकेआरएन में रजिस्टर्ड किया जाए और वेतन दिया जाए. इसलके अलावा बैठक में जिला के गांवों हीरापुर, नहरावली व अन्य एक दर्जन गांवों में पिछले 60 वर्षों से बनी हुई नहर में पानी न पहुंचने की समस्या का समाधान भी रखा गया. इस पर सीएम ने कहा कि नहर में अब एक लाख तीन हजार क्यूसिक पानी चल रहा है और इसके लिए सभी ग्रामीणों को बधाई देता हूं. इसी प्रकार झाड़सेतली गांव में प्रदूषण के संबंध में आई एक शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सीएम मनोहर ने एसडीएम के नेतृत्व में कमेटी गठित की जो उद्योगों के गंदे पानी की समस्या का समाधान कर उसे पौधों के लिए उपयोग करना सुनिश्चित करेंगे.
सीएम ने पत्रकारों से की बातचीत
इसके साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पत्रकारों से बातचीत भी की और कहा कि जल्द ही यमुनानगर में 800 मैगावाट का सौर ऊर्जा पावर प्लांट लगाया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एक लाख युवाओं को वैध तरीके से विदेश भेजने के लिए प्रक्रिया की जा रही है. बैठक में प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद से विधायक श्री नरेंद्र गुप्ता, विधायक श्री नैनपाल रावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
रिपोर्ट: थानेश्वर शर्मा