इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का इस बार का जन्मदिन कूटनीति और आत्मीयता का खूबसूरत उदाहरण बन गया. आधिकारिक दौरे पर जापान पहुंचीं मेलोनी को वहां ऐसा सरप्राइज मिला, जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी. जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने न सिर्फ उनके लिए केक मंगवाया, बल्कि पूरी गर्मजोशी के साथ जन्मदिन का गीत भी गाया. यह पल इतना खास था कि मेलोनी खुद को मुस्कुराने से रोक नहीं पाईं और उनकी खुशी कैमरे में कैद हो गई.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि मेलोनी एक बैठक के दौरान सामने बैठी हैं. तभी अचानक उनके सामने बर्थडे केक लाया जाता है. इसके साथ ही जापान की प्रधानमंत्री ‘हैप्पी बर्थडे’ गाना गाने लगती हैं. यह सब देख मेलोनी चौंक जाती हैं और भावुक खुशी के साथ हंस पड़ती हैं. यह वीडियो एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर Jeffrey J. Hall नाम के यूजर ने शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया.
इटालियन भाषा में गाया गया बर्थडे सॉन्ग
इस सरप्राइज को और खास बना दिया जापानी प्रधानमंत्री ने, जब उन्होंने इटली की भाषा में मेलोनी के लिए जन्मदिन का गीत गाया. यह पल मेलोनी के लिए बेहद भावुक रहा. उन्होंने गले लगकर जापान की प्रधानमंत्री का आभार जताया और दोनों के बीच गहरी आत्मीयता साफ नजर आई.
Japanese Prime Minister Takaichi sang "Happy Birthday" to Meloni in Italian and presented her with a birthday cake. https://t.co/BvNbDDg4qo pic.twitter.com/9QupLZ7Ily
— Jeffrey J. Hall 🇯🇵🇺🇸 (@mrjeffu) January 16, 2026
दोस्ती की झलक, सेल्फी भी हुई वायरल
जापान यात्रा के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला. मेलोनी ने साने ताकाइची के साथ एक सेल्फी भी ली, जिसे उन्होंने एक्स पर साझा किया. फोटो के साथ मेलोनी ने लिखा,“दो ऐसे देश जो भले ही भौगोलिक रूप से दूर हों, लेकिन लगातार और करीब आ रहे हैं. साने ताकाइची के साथ मित्रता और आपसी सम्मान.”
जापान दौरे के बाद मेलोनी का बड़ा संदेश
अपनी यात्रा समाप्त होने के बाद जॉर्जिया मेलोनी ने एक विस्तृत पोस्ट के जरिए जापान के साथ रिश्तों पर बात की. उन्होंने लिखा कि इटली और जापान ने अर्थव्यवस्था, इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, इंडस्ट्री, सुरक्षा और रिसर्च जैसे तमाम क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया है. मेलोनी ने यह भी कहा कि दोनों देश भरोसेमंद साझेदार हैं, जो स्थिरता, विकास और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए मिलकर काम कर सकते हैं. तेजी से बदलती दुनिया में इस तरह की साझेदारियां न सिर्फ वर्तमान बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षा और नए अवसर तैयार करती हैं. जापान में मनाया गया यह जन्मदिन सिर्फ एक व्यक्तिगत खुशी का पल नहीं था, बल्कि दो देशों के बीच बढ़ती दोस्ती और विश्वास का भी प्रतीक बन गया.
यह भी पढ़ें: मोदी जी हैं तो हर चीज मुमकिन... ईरान से फ्लाइट में लौटे भारतीय नागरिक, बताई वहां की हालत, देखें VIDEO