गुजरात को मिलेगी 'विकास एक्सप्रेस' की रफ्तार, पीएम मोदी कल देंगे 34200 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 सितंबर को अपने गृह राज्य गुजरात के भावनगर में एक महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे न केवल समुद्री क्षेत्र से जुड़े बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, बल्कि 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे.

PM Modi to unveil multiple development projects in Gujarat
Image Source: ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 सितंबर को अपने गृह राज्य गुजरात के भावनगर में एक महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे न केवल समुद्री क्षेत्र से जुड़े बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, बल्कि 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे. यह दौरा क्षेत्रीय विकास के साथ-साथ देश के समुद्री क्षेत्र को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है.

भावनगर में होगा भव्य कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी सुबह लगभग 10:30 बजे भावनगर के जवाहर मैदान में लोगों को संबोधित करेंगे. इस दौरान वे बंदरगाह, जहाजरानी, जलमार्ग मंत्रालय और गुजरात समुद्री बोर्ड से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण करेंगे. साथ ही, अन्य राज्यों के समुद्री बोर्डों के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का भी शुभारंभ करेंगे. भावनगर के कलेक्टर मनीष कुमार बंसल ने बताया कि प्रधानमंत्री यहां क्षेत्र से संबंधित एक नई नीति की शुरुआत भी करेंगे, जो समुद्री विकास में मील का पत्थर साबित होगी.

राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा

प्रधानमंत्री मोदी का दौरा केवल उद्घाटन तक सीमित नहीं है. भावनगर में परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद वे धोलेरा का हवाई सर्वेक्षण करेंगे, जहां वे क्षेत्र के संभावित विकास को नजदीक से देखेंगे. इसके बाद दोपहर में वे लोथल स्थित राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का दौरा करेंगे, जो देश की समुद्री परंपरा और संस्कृति को संरक्षित रखने का एक महत्वपूर्ण केंद्र है.

देशभर के प्रमुख बंदरगाहों में विकास कार्यों का शुभारंभ

पीएम मोदी के दौरे के दौरान कई बड़े बंदरगाहों में विकास कार्यों की भी शुरुआत होगी. कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह में नए कंटेनर टर्मिनल और आधुनिक सुविधाएं, पारादीप और चेन्नई बंदरगाह पर तटीय संरक्षण व कार्गो हैंडलिंग सुविधाएं, कांडला में बहुउद्देशीय कार्गो बर्थ जैसी परियोजनाएं शामिल हैं. इसके साथ ही पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा.

गुजरात में बड़े पैमाने पर समृद्धि के रास्ते खुलेंगे

गुजरात में कुल मिलाकर 26,354 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी करेंगे. इनमें छारा बंदरगाह पर एचपीएलएनजी टर्मिनल, आईओसीएल रिफाइनरी की नई परियोजनाएं, 600 मेगावाट की ग्रीन ऊर्जा योजना, सौर ऊर्जा परियोजनाएं और नवीकरणीय ऊर्जा के अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स शामिल हैं. साथ ही, राजमार्गों, स्वास्थ्य सेवा एवं शहरी परिवहन में सुधार के लिए भी बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा.

स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में भी होगा विकास

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान भावनगर में सर टी. जनरल अस्पताल तथा जामनगर के गुरु गोविंद सिंह सरकारी अस्पताल के विस्तार की आधारशिला भी रखी जाएगी. इसके अलावा, 70 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों को चौड़ीकरण के तहत चार लेन का निर्माण कार्य भी शुरू होगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार आएगा.

ये भी पढ़ें: ट्रंप को 'डेड इकोनॉमी' का करारा जवाब, 5 महीने में तीसरी बार दुनिया ने माना लोहा, बढ़ी भारत की ताकत!