PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान ट्रांजिट विजिट पर बिहार के पूर्णिया सैन्य हवाई अड्डा पहुंचे. भले ही यह दौरा कुछ समय का रहा हो, लेकिन सीमांचल क्षेत्र के लिहाज से इसे बेहद अहम माना जा रहा है. एयरपोर्ट परिसर में बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री का आत्मीय स्वागत किया.
पूर्णिया एयरपोर्ट पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के बीच सीमांचल के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. बातचीत के दौरान क्षेत्र में औद्योगिक संभावनाओं, नए निवेश के अवसरों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर खास ध्यान दिया गया. दोनों के बीच सड़क नेटवर्क के विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ.
सीमांचल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
डॉ. दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री को सीमांचल की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों और मानव संसाधनों से भरपूर है और यहां विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं. मंत्री ने कहा कि अगर केंद्र सरकार का सहयोग और सही नीतिगत समर्थन मिले, तो सीमांचल तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ सकता है. उन्होंने इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत पर विशेष बल दिया.
कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और निवेश की संभावनाएं
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को सीमांचल की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी. यहां चाय बागान, फल और सब्जियों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है, जिससे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की बड़ी संभावनाएं बनती हैं. इसके अलावा वस्त्र उद्योग, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी निवेश के पर्याप्त अवसर मौजूद हैं.
मंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में निवेश होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और बड़े पैमाने पर हो रहे पलायन पर भी रोक लगेगी. इससे सीमांचल की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और क्षेत्र आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा.
सड़क, पुल और हाईवे परियोजनाओं पर चर्चा
प्रधानमंत्री के साथ बातचीत में पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और कटिहार को जोड़ने वाली सड़कों के विस्तार का मुद्दा भी उठा. नए पुलों के निर्माण और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को गति देने पर भी चर्चा हुई. मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग बेहद जरूरी है, जिससे क्षेत्र में आवागमन और व्यापार को नई रफ्तार मिल सके.
केंद्र सरकार से मिला सकारात्मक भरोसा
डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ हुई यह बातचीत बेहद सकारात्मक रही. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमांचल के विकास को लेकर गंभीरता दिखाई और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. मंत्री के अनुसार, इस मुलाकात से सीमांचल के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी है.
ये भी पढ़ें- आप नफरत में अंधे हैं... ए.आर. रहमान के ताजा बयान पर भड़कीं कंगना रनौत, लगाया ये गंभीर आरोप