Narendra Modi Sushila Karki: भारत और नेपाल के बीच मजबूत और ऐतिहासिक संबंधों को और गहराने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से फोन पर बातचीत की. इस बातचीत में पीएम मोदी ने हाल ही में नेपाल में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान हुई हिंसा पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की.
प्रधानमंत्री मोदी ने आश्वासन दिया कि भारत, नेपाल में शांति और स्थिरता बहाल करने के प्रयासों में हर स्तर पर सहयोग करता रहेगा. उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल न केवल पड़ोसी हैं, बल्कि उनके बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों की गहराई ने हमेशा दोनों देशों को एक-दूसरे के करीब रखा है.
नेपाल के राष्ट्रीय दिवस पर दी शुभकामनाएं
बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने नेपाल के राष्ट्रीय दिवस (17 सितंबर) पर प्रधानमंत्री सुशीला कार्की और नेपाल की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत और नेपाल के बीच संबंध पहले से भी अधिक मज़बूत होंगे.
क्षेत्रीय शांति और विकास की ओर साझा कदम
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत और नेपाल मिलकर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास को नई दिशा दे सकते हैं. दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की इच्छा ज़ाहिर करते हुए, उन्होंने भविष्य में अधिक मजबूत साझेदारी की उम्मीद जताई.
यह भी पढ़ें- 'Kalki 2898 AD' के सीक्वल से बाहर हुईं दीपिका पादुकोण, जानें क्या है कारण