आतंकवाद पर दोहरा मापदंड नहीं... पीएम मोदी ने शहबाज के सामने पाकिस्तान को घेरा, SCO में दिया सख्त संदेश

किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में चल रहे शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा संदेश दिया.

PM Modi slams Pakistan over terrorism right to Shehbaz face in SCO Summit
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

PM Modi SCO Speech: किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में चल रहे शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा संदेश दिया. पीएम मोदी ने बिना किसी देश का नाम लिए कहा कि आतंकवाद को नीति के तौर पर इस्तेमाल करने वालों और आतंकियों को पनाह देने वालों के खिलाफ सख्त संदेश जाना चाहिए.

खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री मोदी की यह बात उस चर्चा के दौरान सामने आई, जिसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी मौजूद थे.

आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की अपील

पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दे पर किसी भी तरह के दोहरे रवैये की जगह नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि आतंकवाद को किसी भी देश के लिए रणनीतिक ताकत नहीं माना जा सकता.

उन्होंने आतंकवाद से जुड़े पूरे तंत्र को खत्म करने की जरूरत बताई. इसमें आतंकियों की फंडिंग, उनकी भर्ती, कट्टरपंथ और उन्हें मिलने वाले सुरक्षित ठिकाने शामिल हैं.

सुरक्षा, संपर्क और विकास पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने SCO के लिए भारत की प्राथमिकताओं का भी जिक्र किया. उन्होंने सुरक्षा, संपर्क और अवसर को संगठन के लिए अहम स्तंभ बताया.

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के साथ-साथ देशों को आपसी सहयोग बढ़ाने और क्षेत्र में विकास के नए अवसर तैयार करने पर भी ध्यान देना चाहिए.

युद्ध का समाधान बातचीत से ही संभव

प्रधानमंत्री मोदी ने युद्ध और विवादों को लेकर भी भारत का रुख साफ किया. उन्होंने कहा कि युद्ध के मैदान में किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता. सभी विवादों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने की कोशिश होनी चाहिए.

बैठक में कई बड़े नेता मौजूद

बिश्केक में हुई इस चर्चा में पीएम मोदी और शहबाज शरीफ के अलावा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको मौजूद थे.

इसके अलावा कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव और ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमान ने भी बैठक में हिस्सा लिया.

ग्रुप फोटो में पुतिन और शी से मिले मोदी

इससे पहले SCO नेताओं ने सम्मेलन की परंपरा के अनुसार आधिकारिक ग्रुप फोटो खिंचवाई. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी की रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत भी हुई.

दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने सोमवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ अलग-अलग बैठकें भी कीं. हालांकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी अलग द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना नहीं बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें- SCO में पीएम मोदी ने शहबाज शरीफ को किया नजरअंदाज, बॉडी लैंग्वेज से दिया करारा संदेश! देखें Video