IPL 2026: DC की हार के बाद पॉइंट्स टेबल में उलटफेर, RCB ने नेट रन रेट में पंजाब को पछाड़ा, देखें रिकॉर्ड

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 39वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से हराकर न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, बल्कि पॉइंट्स टेबल में भी बड़ा उलटफेर कर दिया.

IPL 2026 DC vs RCB Bengaluru in top 2 Points Table net run rate
Image Source: ANI

RCB vs DC: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 39वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से हराकर न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की, बल्कि पॉइंट्स टेबल में भी बड़ा उलटफेर कर दिया. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली की टीम सिर्फ 75 रन पर सिमट गई, जिसे आरसीबी ने महज 6.3 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया.

इस जीत के बाद बेंगलुरु की टीम अंक तालिका में सीधे टॉप-2 में पहुंच गई है और अब वह खिताबी दौड़ में और मजबूत नजर आ रही है.

RCB को मिला बड़ा फायदा, NRR में भी सबसे आगे

दिल्ली पर इस बड़ी जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 8 मैचों में अपनी छठी जीत दर्ज की. अब टीम के 12 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गई है.

सिर्फ अंक ही नहीं, नेट रन रेट (NRR) में भी आरसीबी ने बाजी मार ली है. टीम का NRR 1.919 हो गया है, जो इस सीजन में सभी टीमों से बेहतर है. यह आंकड़ा उन्हें प्लेऑफ की रेस में और मजबूत बनाता है.

दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स को इस हार से भारी नुकसान हुआ है. 8 मैचों में यह उनकी पांचवीं हार है और उनके पास अब सिर्फ 6 अंक हैं. टीम का नेट रन रेट गिरकर -1.060 तक पहुंच गया है, जिससे उनकी स्थिति और कमजोर हो गई है.

पंजाब अब भी नंबर-1, लेकिन RCB से खतरा

पंजाब किंग्स अभी भी अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है. टीम ने अब तक 7 मैच खेले हैं, जिनमें से 6 जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया. इस तरह पंजाब के 13 अंक हैं और वह अब तक अजेय रही है.

हालांकि, आरसीबी की शानदार फॉर्म ने उन्हें कड़ी चुनौती दे दी है. ऐसे में पंजाब के लिए आने वाले मुकाबले बेहद अहम होने वाले हैं.

वहीं सनराइजर्स हैदराबाद 8 मैचों में 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि राजस्थान रॉयल्स भी 10 अंकों के साथ चौथे नंबर पर मौजूद है.

मैच का हाल: गेंदबाजों का दबदबा, बल्लेबाज बेबस

इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही. टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 75 रन पर ढेर हो गई.

जोश हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर 4 विकेट लिए. वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 3 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर 3 विकेट झटके और दिल्ली की कमर तोड़ दी.

इसके अलावा सुयश शर्मा ने 1 विकेट हासिल किया, जबकि क्रुणाल पांड्या और रसिख सलाम को भी एक-एक सफलता मिली.

आसान रहा लक्ष्य, बल्लेबाजों ने किया काम पूरा

75 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बेहद आक्रामक अंदाज अपनाया. विराट कोहली ने नाबाद 23 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 34 रन की नाबाद पारी खेली.

बेंगलुरु ने सिर्फ 6.3 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया.

ये भी पढ़ें- सटीक यॉर्कर, घातक स्विंग... 36 की उम्र में भी कहर मचा रहे भुवनेश्वर कुमार, बना डाला अनोखा रिकॉर्ड