PM Modi In Bengal: पश्चिम बंगाल में आज नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह काफी भव्य तरीके से आयोजित किया गया. कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुए इस कार्यक्रम में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ 5 अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली.
इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक भी पहुंचे.
पीएम मोदी ने शहीद कार्यकर्ताओं के परिवारों से की मुलाकात
शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले बीजेपी कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात की. इनमें देबासिस मंडल, सौमित्र घोषाल और आनंद पॉल के परिजन शामिल थे.
इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं. बीजेपी ने इसके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं का बलिदान भुलाया नहीं जाएगा.
300 लोगों के नाम वाला स्मारक बनाया गया
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशेष स्मारक भी बनाया गया है. इस स्मारक पर पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले करीब 300 लोगों के नाम लिखे गए हैं. सभी नाम बंगाली भाषा में लिखे गए हैं और उनके इलाके की जानकारी भी दी गई है.
बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह स्मारक उन लोगों की याद में बनाया गया है, जिन्होंने पार्टी के लिए संघर्ष करते हुए अपनी जान गंवाई. हालांकि जानकारी के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ का नाम इस सूची में शामिल नहीं है. पार्टी के लोगों का कहना है कि वह वायुसेना से जुड़े रहे थे और आधिकारिक रूप से बीजेपी कार्यकर्ता नहीं थे.
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
शपथ ग्रहण से पहले पीएम मोदी ने स्मारक पर पहुंचकर फूल अर्पित किए और सभी मृतकों को श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने की खुशी तो है, लेकिन अपने करीबी लोगों को खोने का दुख भी हमेशा रहेगा.
कार्यक्रम में लगे जय श्री राम के नारे
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच के पास जय श्री राम के नारे भी लगाए गए. कई लोगों ने कहा कि बंगाल में सनातन और हिंदुओं को दबाने की कोशिश हुई, लेकिन अब नई सरकार सबका साथ और सबका विकास करने के साथ दोषियों पर भी कार्रवाई करेगी.
लोगों का कहना था कि पहले हर चुनाव के बाद हिंसा की खबरें आती थीं. इस बार बीजेपी की जीत के बाद भी हिंसा की कोशिश हुई और शुभेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और बीजेपी नेताओं का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- बंगाल के नए मुख्यमंत्री बने शुभेंदु अधिकारी, हर महीने इतनी मिलेगी सैलरी, जानें कितनी है नेटवर्थ