PM Modi takes dig opposition: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में महान गायक और संगीतकार डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने विकसित भारत के संकल्प और देश की सांस्कृतिक एकता पर जोर दिया. अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधा. उनके बयान को परिसीमन बिल के मुद्दे पर राहुल गांधी की ओर से विपक्षी नेताओं को एकजुट करने की कोशिशों से जोड़कर देखा जा रहा है.
‘नाराज फूफा’ बताकर विपक्ष पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि सभी भारतीय विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों को देश की उपलब्धियां पसंद नहीं आतीं. ऐसे लोग भारत को टुकड़ों में बंटा हुआ मानते हैं और फूट डालकर सत्ता हासिल करने का सपना देखते हैं. प्रधानमंत्री ने ऐसे लोगों की तुलना ‘नाराज फूफा’ से करते हुए उन पर तंज कसा.
भूपेन हजारिका के गाने सुनने की दी सलाह
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे ‘नाराज फूफाओं’ को भूपेन दा के गाने बार-बार सुनने चाहिए, शायद इससे उन्हें कुछ समझ आ जाए. इस मौके पर उन्होंने डॉ. भूपेन हजारिका की जीवनी का भी अनावरण किया. पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर के विकास, सांस्कृतिक एकता और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई. कार्यक्रम में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल मौजूद रहे.
असम की संस्कृति और लोककलाओं की तारीफ
पीएम मोदी ने असम की सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि दुनिया ने राज्य की समृद्ध संस्कृति को करीब से देखा है. उन्होंने बोडो समुदाय के कलाकारों की ओर से प्रस्तुत ‘बागुरुम्बा’ नृत्य का जिक्र किया और कहा कि इस प्रस्तुति ने भारत की विविधता की खूबसूरत तस्वीर पेश की. चाय बागानों के कलाकारों के झूमुर नृत्य की भी उन्होंने तारीफ की. हजारों कलाकारों को एक साथ यह नृत्य करते देख प्रधानमंत्री ने खुशी जाहिर की और खुद को ‘चायवाला’ बताते हुए इस प्रस्तुति से जुड़ाव जताया.
‘भूपेन हजारिका देश के महान सपूत और सच्चे देशभक्त’
डॉ. भूपेन हजारिका को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने गीतों के जरिए भारत की भावनाओं को आवाज दी और देश के सपनों को शब्दों में पिरोया. पीएम मोदी ने उन्हें असम का महान सपूत और सच्चा देशभक्त बताया. उन्होंने कहा कि भूपेन हजारिका की विरासत को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करना सरकार के लिए सौभाग्य की बात है.
ये भी पढ़ें-महिला आरक्षण पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- 'नारी शक्ति से किया वादा हर हाल में निभाएंगे'