महिला आरक्षण पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- 'नारी शक्ति से किया वादा हर हाल में निभाएंगे'

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की प्रतिबद्धता दोहराई है. परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े नए विधेयकों के बीच उन्होंने भरोसा दिलाया कि नारी शक्ति को उनका अधिकार दिलाने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा.

pm-modi-womens-reservation-33-percent-quota-delimitation-bill-2026
Image Source: Social Media

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर एक बार फिर सरकार का रुख स्पष्ट किया है. शनिवार को उन्होंने कहा कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा. प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का सरकार का संकल्प मजबूत है और इस दिशा में जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

महिला आरक्षण के विरोध पर पीएम मोदी का संदेश

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग लंबे समय से उठती रही है. उन्होंने बताया कि कई महिलाओं ने पत्र लिखकर और व्यक्तिगत मुलाकातों के दौरान भी इस मुद्दे को उनके सामने रखा है. प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दल देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में अपनी भागीदारी बढ़ाने से नहीं रोक पाएंगे. उनके मुताबिक, यह लक्ष्य हासिल करना अब केवल समय की बात है.

परिसीमन के जरिए लागू करने की तैयारी

प्रधानमंत्री का यह बयान केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से महिला आरक्षण से जुड़े नए विधायी प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने के बाद आया है. सरकार का मकसद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है. इसके लिए संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 समेत नए प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की तैयारी है. संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है, जिसमें इन प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है.

क्या है महिला आरक्षण कानून?

महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने का प्रावधान संविधान के 106वें संशोधन अधिनियम, 2023 के तहत किया गया था. इस कानून के मुताबिक लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होनी हैं. हालांकि, इसके लागू होने को परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया था. अब केंद्र सरकार नए प्रस्तावों के जरिए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और आरक्षण लागू करने की तैयारी कर रही है.

लोकसभा में 850 और विधानसभाओं में 650 सीटों का प्रस्ताव

सरकार के नए प्रस्ताव में परिसीमन के बाद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या बढ़ाने की बात कही गई है. इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है, जिसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें हो सकती हैं. वहीं, राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीटों की संख्या 650 तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है. नए फॉर्मूले में 2051 तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखने की भी बात है, ताकि जनसंख्या के आधार पर होने वाले बदलावों को लेकर दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर किया जा सके.

ये भी पढ़ें-लोकसभा में 300 से ज्यादा सीटें बढ़ाने की तैयारी? समझें 850 सांसदों वाले प्रस्ताव का पूरा गणित