सिर झुकाकर नमन करता हूं...चुराचांदपुर पहुंचकर पीएम मोदी ने विस्थापित लोगों के लिए किए बड़े ऐलान

जातीय तनाव से जूझ रहे मणिपुर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास की नई राह पर ले जाने के लिए बड़ा ऐलान किया है. अपने बहुप्रतीक्षित मणिपुर दौरे के दौरान पीएम मोदी ने ₹7,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया.

PM Modi Manipur Visit laid foundation of rupees 7 thousand crore salute to flag
Image Source: Social Media (BJP)

जातीय तनाव से जूझ रहे मणिपुर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास की नई राह पर ले जाने के लिए बड़ा ऐलान किया है. अपने बहुप्रतीक्षित मणिपुर दौरे के दौरान पीएम मोदी ने ₹7,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि ये योजनाएं खासतौर पर मणिपुर के पहाड़ी क्षेत्रों और आदिवासी समुदायों के जीवन को बेहतर बनाएंगी.

खास बात यह रही कि मौसम की खराबी के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते प्रधानमंत्री ने सड़क मार्ग से इंफाल पहुंचने का फैसला लिया. रास्ते में स्थानीय लोगों ने तिरंगा हाथ में लेकर उनका जोरदार स्वागत किया. इस आत्मीयता से भावुक पीएम मोदी ने कहा, मैं इसे कभी नहीं भूलूंगा. सिर झुकाकर इस स्नेह को नमन करता हूं.

विस्थापित लोगों के लिए पीएम मोदी ने किए बड़े ऐलान 

जनता को संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर की स्थिति पर कहा, "मैं आपसे वादा करता हूं, मैं आपके साथ हूं. भारत सरकार आपके साथ है." पीएम ने कहा कि मणिपुर में जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है. उन्होंने बताया कि बेघर परिवारों के लिए 7 हजार नए घर बनाए जाएंगे. इसके अलावा 3,000 करोड़ रुपये का पैकेज स्वीकृत किया गया है और विस्थापितों की मदद के लिए 500 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है.

मणिपुर, नॉर्थ-ईस्ट की चमक बढ़ाने वाला ‘मणि’ है

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में मणिपुर की विशेषताओं को सराहा और कहा कि राज्य का नाम ही बताता है कि यह ‘मणि’ (रत्न) है, जो आने वाले समय में पूरे पूर्वोत्तर भारत की चमक को और निखारेगा. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि केंद्र सरकार का निरंतर प्रयास है कि मणिपुर को सुरक्षित, स्थिर और समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जाए. बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यक्रम में जुटे लोगों को देखकर पीएम मोदी ने कहा इतनी भारी बारिश में आपका इस तरह आना मेरे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है. आपने मणिपुर की असली ताकत दिखा दी.

सड़क से लेकर रेल तक बदलता मणिपुर

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में मणिपुर में चल रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि पहले जहां कई गांवों तक पहुंचना भी मुश्किल था, अब वहां सड़क कनेक्टिविटी पहुंचाई जा चुकी है. इसका लाभ विशेषकर ट्राइबल क्षेत्रों और पहाड़ी गांवों को मिला है. उन्होंने आगे बताया कि मणिपुर को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में भी काम तेज़ी से जारी है. बहुप्रतीक्षित जीरीबाम-इंफाल रेलवे लाइन बहुत जल्द इंफाल को नेशनल रेल नेटवर्क से जोड़ेगी. 

शांति और संवाद पर दिया जोर

पीएम मोदी ने मणिपुर में हाल ही में हिल और वैली क्षेत्रों के विभिन्न समूहों के साथ हुए समझौतों का जिक्र करते हुए इसे एक बड़ी उपलब्धि करार दिया. उन्होंने कहा कि भारत सरकार संवाद, सम्मान और आपसी समझ को प्राथमिकता देते हुए स्थायी शांति की दिशा में काम कर रही है. मैं सभी संगठनों से अपील करता हूं कि हथियार छोड़ें और शांति के रास्ते पर चलें. भारत सरकार आपके साथ है, आपके सपनों के साथ है.

यह भी पढ़ें: मणिपुर को PM Modi ने दी 7,000 करोड़ रुपये की सौगात, कहा- 'मणि' नॉर्थ ईस्ट की चमक बढ़ाने वाली