विश्व शांति मंत्र से न्यूक्लियर ताकत तक... मन की बात में क्या-क्या बोले पीएम मोदी, जानें बड़ी बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए विज्ञान, संस्कृति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रही प्रगति पर विस्तृत चर्चा की.

PM Modi in Mann Ki Baat Civil Nuclear Program To Nation building
Image Source: ANI

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए विज्ञान, संस्कृति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रही प्रगति पर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने कहा कि लोगों से संवाद करना उन्हें हमेशा खुशी देता है और व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद देशभर से मिले पत्रों और संदेशों के जरिए वह लगातार नागरिकों से जुड़े रहते हैं.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत देश की एक बड़ी उपलब्धि के साथ की. उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा विज्ञान को विकास का आधार माना है और इसी सोच के तहत देश का सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम तेजी से आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम ने औद्योगिक विकास, ऊर्जा उत्पादन, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि क्षेत्र तक को मजबूत किया है. देश के वैज्ञानिकों के प्रयासों से यह क्षेत्र लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है.

कलपक्कम में ऐतिहासिक उपलब्धि

पीएम मोदी ने कलपक्कम में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर के ‘क्रिटिकलिटी’ हासिल करने को भारत की परमाणु ऊर्जा यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया. उन्होंने कहा कि यह रिएक्टर पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार किया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत के विजन को और मजबूत करता है.

स्वच्छ ऊर्जा में तेजी से प्रगति

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि भारत ने पवन ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. देश की विंड एनर्जी क्षमता 56 गीगावाट से अधिक हो चुकी है और बीते एक वर्ष में करीब 6 गीगावाट की नई क्षमता जोड़ी गई है. यह उपलब्धि स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में भारत की तेज रफ्तार को दर्शाती है.

भगवान बुद्ध के संदेश का जिक्र

अपने संबोधन में गौतम बुद्ध के विचारों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि शांति की शुरुआत हमारे भीतर से होती है और स्वयं पर नियंत्रण ही सबसे बड़ी जीत है.

उन्होंने कहा कि आज के वैश्विक तनावपूर्ण माहौल में बुद्ध के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं. उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिण अमेरिका के चिली में एक संस्था बुद्ध के विचारों को आगे बढ़ा रही है, जो ध्यान और करुणा के जरिए लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है.

‘गणतंत्र उत्सव’ और बीटिंग रिट्रीट का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि देश में 23 जनवरी (नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती) से लेकर 30 जनवरी (महात्मा गांधी की पुण्यतिथि) तक ‘गणतंत्र उत्सव’ मनाया जाता है.

उन्होंने बताया कि ‘बीटिंग रिट्रीट’ इस उत्सव का अहम हिस्सा है, जिसमें भारतीय संगीत परंपराओं की झलक देखने को मिलती है. इस साल वायुसेना, थलसेना, नौसेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बैंड्स ने शानदार प्रस्तुति दी, जिसे लोगों ने खूब सराहा.

कच्छ के ‘लाखा जी के बाराती’ का जिक्र

प्रधानमंत्री ने कच्छ का रण का जिक्र करते हुए बताया कि बारिश के बाद यहां हर साल लाखों फ्लेमिंगो पक्षी आते हैं, जिससे पूरा इलाका गुलाबी रंग में रंग जाता है.

स्थानीय लोग इन पक्षियों को ‘लाखा जी के बाराती’ कहते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि ये पक्षी अब पर्यावरण संरक्षण के एक सुंदर प्रतीक बन चुके हैं और प्रकृति के साथ सामंजस्य का संदेश देते हैं.

देशभर में प्रसारित होता है कार्यक्रम

‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के नेटवर्क पर किया जाता है. इसके अलावा डिजिटल प्लेटफॉर्म्स जैसे ऐप और यूट्यूब के जरिए भी लोग इसे सुन और देख सकते हैं. हिंदी के बाद इसे विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में भी प्रसारित किया जाता है, जिससे देश के हर हिस्से तक इसकी पहुंच सुनिश्चित होती है.

ये भी पढ़ें- 'ट्रंप सेफ हैं, जानकर राहत मिली', हिल्टन होटल में फायरिंग पर पीएम मोदी का बयान, बोले- लोकतंत्र में...