'ट्रंप सेफ हैं, जानकर राहत मिली', हिल्टन होटल में फायरिंग पर पीएम मोदी का बयान, बोले- लोकतंत्र में...

अमेरिका की राजधानी में एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग की घटना पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है.

Pm Modi Condemns Firing At Donald Trump Dinner Party Hilton Hotel
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

नई दिल्ली: अमेरिका की राजधानी में एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग की घटना पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह जानकर राहत मिली कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी और उपराष्ट्रपति सुरक्षित हैं.

यह घटना वॉशिंगटन DC के हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान सामने आई. कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप समेत कई वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी मौजूद थे. अचानक गोली जैसी आवाजें सुनाई देने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और ट्रंप सहित सभी प्रमुख नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

पीएम मोदी ने जताई चिंता और समर्थन

नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वॉशिंगटन DC में हुई इस सुरक्षा घटना के बाद ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति के सुरक्षित होने की खबर राहत देने वाली है. उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना की और दोहराया कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं होनी चाहिए.

ट्रंप ने सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की

घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है. उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की तेज कार्रवाई की सराहना की और कहा कि संदिग्ध को पकड़ लिया गया है. ट्रंप ने यह भी कहा कि कार्यक्रम को आगे जारी रखने का फैसला कानून प्रवर्तन एजेंसियां लेंगी.

घटना के दौरान मचा हड़कंप

फायरिंग की आवाज सुनते ही होटल के बैंक्वेट हॉल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. कई मेहमान टेबल के नीचे छिप गए, जबकि सुरक्षा कर्मी लोगों को झुकने और सुरक्षित रहने के निर्देश देते नजर आए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 5 से 8 गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं.

हॉल में उस समय सैकड़ों पत्रकार, राजनीतिक हस्तियां और अन्य मेहमान मौजूद थे, जिन्हें तुरंत बाहर निकाला गया. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए मौके पर नेशनल गार्ड के जवानों को भी तैनात किया गया और पूरे इलाके को घेर लिया गया.

हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं

अधिकारियों ने अभी तक गोलीबारी के पीछे की असली वजह की पुष्टि नहीं की है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में एक हमलावर के शामिल होने की बात कही जा रही है, हालांकि विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

कार्यक्रम में ट्रंप के साथ फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और कई कैबिनेट सदस्य भी मौजूद थे, जो सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

पहली बार शामिल हुए थे ट्रंप

बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति बनने के बाद डोनाल्ड ट्रंप इस वार्षिक व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन कार्यक्रम में पहली बार शामिल हुए थे. इस आयोजन में पत्रकार, राजनेता, सेलिब्रिटी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद थे.

फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिकारियों से उम्मीद है कि जल्द ही इस घटना को लेकर और जानकारी सामने आएगी.

ये भी पढ़ें- Trump Attack: फायरिंग के बाद पहली बार सामने आए ट्रंप, हमलावर को बताया बीमार व्यक्ति, देखें Video