PM Modi Kerala Visit: केरल को मिली विकास की नई रफ्तार, स्टार्टअप से लेकर रेल तक कई बड़ी सौगातें

केरल के विकास सफर में आज एक अहम अध्याय जुड़ गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राज्य के दौरे पर पहुंचे. इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने केरल को इनोवेशन, उद्यमिता, रेलवे कनेक्टिविटी और गरीब कल्याण से जुड़ी कई बड़ी सौगातें दीं.

PM Modi in Kerela visit flag off amrit bharat train
Image Source: Social Media

केरल के विकास सफर में आज एक अहम अध्याय जुड़ गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को राज्य के दौरे पर पहुंचे. इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने केरल को इनोवेशन, उद्यमिता, रेलवे कनेक्टिविटी और गरीब कल्याण से जुड़ी कई बड़ी सौगातें दीं. तिरुवनंतपुरम से लेकर राज्य के अन्य हिस्सों तक, पीएम मोदी के कार्यक्रमों ने साफ संकेत दिया कि केंद्र सरकार केरल के इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार क्षमता को नई ऊंचाई पर ले जाना चाहती है.


प्रधानमंत्री मोदी ने तिरुवनंतपुरम में CSIR-NIIST इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप हब की आधारशिला रखी. इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह पहल तिरुवनंतपुरम को देश के प्रमुख स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी. पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि केरल के युवा, वैज्ञानिक और उद्यमी अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल में रेल कनेक्टिविटी और शहरी विकास को नई मजबूती मिली है, जिससे राज्य की आर्थिक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी.

विकसित भारत के लक्ष्य में शहरों की अहम भूमिका

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत के निर्माण में पूरे देश का योगदान जरूरी है और इसमें शहरी क्षेत्रों की भूमिका बेहद अहम है. उन्होंने बताया कि बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर निवेश किया है, जिसका असर अब जमीन पर दिख रहा है. बेहतर परिवहन, आवास और डिजिटल सुविधाओं से आम लोगों की जिंदगी आसान हुई है.

केरल राजनीति पर भी दिया बड़ा बयान

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि वह तिरुवनंतपुरम में BJP-NDA की जनसभा को संबोधित करने को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने नगर निगम चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि तिरुवनंतपुरम ने भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई है. प्रधानमंत्री के मुताबिक, केरल की जनता अब एलडीएफ और यूडीएफ के बीच चल रही राजनीति से बाहर निकलकर एक नए विकल्प की तलाश में है.

चार नई ट्रेन सेवाओं को दिखाई हरी झंडी

रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मोदी ने चार नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई. इनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं, जो नागरकोइल–मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम–तांबरम और तिरुवनंतपुरम–चार्लापल्ली रूट पर चलेंगी. इसके अलावा त्रिशूर और गुरुवयूर के बीच एक नई पैसेंजर ट्रेन भी शुरू की गई. सरकारी बयान के अनुसार, इन ट्रेनों से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच संपर्क बेहतर होगा. इससे न सिर्फ यात्रियों को सस्ती और सुरक्षित यात्रा मिलेगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

रेहड़ी-पटरी वालों को राहत, पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च

प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड भी लॉन्च किया, जो यूपीआई से जुड़ा ब्याज-मुक्त रिवॉल्विंग क्रेडिट कार्ड है. इस योजना के तहत रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों को तुरंत वित्तीय सहायता मिलेगी. इससे डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा और लाभार्थियों को औपचारिक क्रेडिट इतिहास बनाने में मदद मिलेगी.

विज्ञान और उद्यमिता को मिलेगा नया विस्तार

पीएम मोदी ने केरल के रेहड़ी-पटरी वालों समेत करीब एक लाख लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि लोन वितरित करने की भी घोषणा की. साथ ही उन्होंने कहा कि विज्ञान, रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में केरल की बड़ी भूमिका हो सकती है. CSIR-NIIST हब के जरिए नई तकनीकों, स्टार्टअप्स और रोजगार के अवसरों का रास्ता खुलेगा.

यह भी पढ़ें : मेट्रो में सफर करने से पहले दें ध्यान! आज से बंद रहेंगे ये स्टेशन; जानें कब तक?