RJD को कांग्रेस ही हराना चाहती है, छपरा में महागठबंधन पर बरसे पीएम मोदी

PM Modi in Bihar: बिहार में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है और इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को छपरा की धरती से विपक्ष पर करारा हमला बोला. भीड़ से खचाखच भरे मैदान में पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भावनात्मक अंदाज़ में की.

PM Modi in Bihar Your respect is my Resolution pm modi promises to bihar
Image Source: BJP Social Media

PM Modi in Bihar: बिहार में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है और इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को छपरा की धरती से विपक्ष पर करारा हमला बोला. भीड़ से खचाखच भरे मैदान में पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भावनात्मक अंदाज़ में की. उन्होंने कहा, “मैं आज आपको एक गारंटी देने आया हूं. आपका सपना ही मेरा संकल्प है. नरेंद्र और नीतीश आपके सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात जुटे हैं.”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में बिहार की सांस्कृतिक पहचान और इसके महान कलाकारों को याद किया. उन्होंने कहा, “छपरा आना अपने आप में प्रेरणा से जुड़ना है. यह धरती आस्था, कला और आंदोलन की भूमि है. इसी मिट्टी ने भिखारी ठाकुर जैसे रत्न दिए जिन्होंने भोजपुरी को जन-जन की भाषा बनाया. इस मिट्टी में जादू है, जो शब्दों को भी जीवंत बना देती है.” मोदी ने यह भी कहा कि वह खुद भी पूर्वांचल के सांसद हैं, इसलिए भोजपुरी अब उन्हें अपने दिल के करीब लगती है. “बनारसी बोलत-बोलत अब हमरा के भोजपुरी में कौनो दिक्कत ना होला,” कहते हुए उन्होंने लोगों के बीच तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी.


घोषणापत्र नहीं, ‘रेट लिस्ट’ जारी की है विपक्ष ने: मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने महागठबंधन के घोषणा पत्र पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा, “आरजेडी और कांग्रेस ने घोषणा पत्र नहीं, अपनी रेट लिस्ट जारी की है. उनकी हर बात के पीछे रंगदारी, फिरौती, लूट और भ्रष्टाचार की बू आती है. उन्होंने बिहार को वर्षों तक लूटा, अब फिर वही दिन लौटाना चाहते हैं.”उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन से समृद्धि की जो यात्रा शुरू हुई है, उसे किसी भी हालत में रुकना नहीं चाहिए. “मैं आज आपके आशीर्वाद की याचना लेकर आया हूं. बिहार को अब किसी की लूट का नहीं, विकास का रास्ता चाहिए.”

इंडिया गठबंधन पर सीधा वार

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा, “लालटेन वाले हों, पंजे वाले हों या उनके इंडी गठबंधन के साथी  ये सब मिलकर बिहार और बिहारियों का अपमान कर रहे हैं. पंजाब में कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहारियों को अपने राज्य में घुसने नहीं देंगे, और उस वक्त गांधी परिवार की एक बेटी मंच पर बैठी थी. क्या यह बिहार का अपमान नहीं?” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने दक्षिण भारत में भी बिहारियों को गालियां दी हैं. “तेलंगाना और कर्नाटक में कांग्रेस के नेता बिहारियों को नीचा दिखाते हैं, तमिलनाडु में डीएमके के नेता उन्हें प्रताड़ित करते हैं. और अब वही लोग कांग्रेस के चुनाव प्रचार में बुलाए जा रहे हैं. इससे बड़ा अपमान और क्या होगा?”

“कांग्रेस आरजेडी को हराना चाहती है”

मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस जानबूझकर बिहार में आरजेडी को कमजोर कर रही है. “कांग्रेस ने जिन लोगों को प्रचार के लिए बुलाया है, वो वही हैं जिन्होंने बिहारियों का अपमान किया. यह दिखाता है कि कांग्रेस आरजेडी को हराना चाहती है, ताकि अपना खेल बिहार में खेल सके.” उन्होंने इसे “सोची-समझी साजिश” बताया और कहा कि इस बार बिहार की जनता इन सबकी चाल समझ चुकी है.

पहली बार वोट देने वाले युवाओं से अपील

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में युवाओं से भी संवाद साधा. उन्होंने कहा, “जो नौजवान पहली बार वोट देने जा रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि आपका वोट सिर्फ मत नहीं, बिहार की दिशा तय करेगा. आपके माता-पिता के एक वोट ने बिहार को जंगलराज से निकालकर सुशासन की ओर बढ़ाया था. अब आपकी बारी है — आपका वोट बिहार को समृद्धि की राह पर ले जाएगा.”

‘आरजेडी काल’ की याद दिलाई

अपने भाषण के आख़िरी हिस्से में प्रधानमंत्री मोदी ने आरजेडी शासनकाल के काले दौर का ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, “1998 में बिहार में एक दलित आईएएस अधिकारी की पत्नी के साथ जो हुआ, उसे याद कर रूह कांप जाती है. उन्होंने राज्यपाल को चिट्ठी लिखकर बताया था कि आरजेडी के गुंडों ने उनके साथ कई दिनों तक अत्याचार किया. यही नहीं, मुख्यमंत्री का कार्यालय तब माफियाओं का अड्डा बन गया था.” मोदी ने कहा कि “ऐसे लोग अब फिर से सत्ता में लौटना चाहते हैं, लेकिन बिहार की जनता उन्हें पहचान चुकी है. अब यह राज्य भय और भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि विकास और विश्वास की राह पर आगे बढ़ेगा.” प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि बिहार के लोग अब “नए युग” की ओर बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा, “आपका सपना, मेरा संकल्प है. आपके वोट से बिहार की तस्वीर बदलेगी. जो बीता हुआ समय था, वो अब सिर्फ चेतावनी है, मंज़िल नहीं.”

यह भी पढ़ें: 'लालटेन के युग वाले बिजली नहीं दे पाएंगे...' बिहार में पीएम मोदी ने RJD पर कसा तंज, जंगलराज का किया जिक्र