Trump Attack: फायरिंग के बाद पहली बार सामने आए ट्रंप, हमलावर को बताया बीमार व्यक्ति, देखें Video

अमेरिका की राजधानी में शनिवार रात एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के बीच अचानक गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं.

Attack on Donald Trump White House Correspondents Dinner Firing Video
Image Source: Social Media

Trump Attack: अमेरिका की राजधानी में शनिवार रात एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के बीच अचानक गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं. कार्यक्रम में मौजूद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तुरंत सुरक्षा घेरे में लेकर बाहर निकाला गया.

जैसे ही ‘शॉट्स फायर’ की चेतावनी दी गई, यूएस सीक्रेट सर्विस के हथियारबंद एजेंट्स तेजी से बॉलरूम में पहुंचे. उन्होंने ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप को घेरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. उस समय उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी मौजूद थे.

हॉल के अंदर अचानक मची हलचल के बीच कई मेहमान टेबल के नीचे छिप गए, जबकि कुछ लोग जमीन पर लेट गए. पूरा माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया.

सभी नेता सुरक्षित, आरोपी हिरासत में

अधिकारियों ने बाद में स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और अन्य वरिष्ठ अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध हमलावर को घटनास्थल के पास ही रोककर हिरासत में ले लिया.

घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि एजेंसियों ने तेजी और बहादुरी से काम करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और हमलावर को पकड़ लिया गया है.

व्हाइट हाउस से करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

ट्रंप ने बताया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी को कार्यक्रम स्थल खाली करने के निर्देश दिए गए. उन्होंने यह भी कहा कि वह व्हाइट हाउस से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी साझा करेंगे.

‘लोन वुल्फ’ अटैक होने का दावा

हमले को लेकर ट्रंप ने कहा कि शुरुआती जांच में इसे ‘लोन वुल्फ’ हमला माना जा रहा है. उन्होंने हमलावर को ‘बीमार इंसान’ बताया और कहा कि गिरफ्तारी के दौरान भी वह विरोध कर रहा था. फिलहाल आरोपी जिंदा है और सुरक्षा एजेंसियों की हिरासत में है.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना से जुड़ा एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसे ट्रंप ने साझा किया. फुटेज में दिखता है कि हमलावर अचानक दौड़ता हुआ कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ता है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को प्रतिक्रिया के लिए बहुत कम समय मिलता है. इसके बाद एजेंट्स ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को काबू में किया.

रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है.

150 फीट दूर से दौड़कर आया था आरोपी

ट्रंप के मुताबिक, संदिग्ध हमलावर करीब 150 फीट दूर से दौड़ता हुआ आया था. हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह हथियारों के साथ सुरक्षा घेरा पार करके वहां तक कैसे पहुंचा.

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल काफी सुरक्षित था, लेकिन इसके बावजूद घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

देश से एकजुट रहने की अपील

घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उन पर हमले की कोशिश हुई है, इससे पहले भी पेनसिल्वेनिया और फ्लोरिडा में ऐसे प्रयास हो चुके हैं.

ट्रंप ने कहा कि मतभेदों को हिंसा के बजाय बातचीत के जरिए सुलझाना चाहिए और देश को ऐसे समय में एकजुट रहना जरूरी है.

ये भी पढ़ें- 8th Pay Commission: क्या 50,000 रुपए हो जाएगी सरकारी शिक्षकों की बेसिक सैलरी? समझिए पूरा गणित