RJD-कांग्रेस के वो काम...कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन, करप्शन; जिसे बिहार में पीएम मोदी ने गिनवाया

PM Modi Bihar Visit: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार ने अब जोर पकड़ लिया है, और इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों आरजेडी और कांग्रेस  पर जमकर निशाना साधा. 

PM Modi Bihar Visit PM Modi counted 5 work of RJD And Congress
Image Source: Social Media (BJP)

PM Modi Bihar Visit: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार ने अब जोर पकड़ लिया है, और इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों आरजेडी और कांग्रेस  पर जमकर निशाना साधा. 

भीड़ से खचाखच भरे मैदान में पीएम मोदी ने बिहार की जनता से पूछा “क्या किया है आरजेडी वालों ने, क्या किया है कांग्रेस वालों ने, क्या किया है जंगलराज वालों ने?” और इसके बाद उन्होंने पांच शब्दों में विपक्ष की पूरी कहानी बयान की — कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन.

कट्टा और करप्शन ही इनका इतिहास रहा है

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जहां “कट्टा” और “क्रूरता” का राज चलता है, वहां कानून दम तोड़ देता है. जहां “कटुता” और “कुशासन” का बोलबाला हो, वहां समाज में सद्भाव कैसे रहेगा? उन्होंने कहा कि जहां आरजेडी और कांग्रेस की सरकार होती है, वहां विकास का नामोनिशान नहीं होता. जहां करप्शन हावी होता है, वहां गरीब का हक लूट जाता है और सिर्फ कुछ परिवार फलते-फूलते हैं. 

पीएम मोदी ने सवालिया लहजे में कहा कि जो लोग बिहार को अंधेरे में छोड़कर लालटेन के युग में रखना चाहते थे, क्या वे कभी बिजली और उद्योग दे सकते हैं? उन्होंने कहा कि जिन्होंने रेल को लूटा, वो कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा है, वो उद्योगों के लिए जमीन देंगे क्या? जिन पर भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड टूटे हों, वो बिहार में कानून का राज लाएंगे क्या?

बिहार को चाहिए विकास, न कि जंगलराज

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार अब वो राज्य नहीं रहा जिसे छल और भय से चलाया जा सके. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के आने के बाद बिहार ने सुशासन का अनुभव किया है. आज बिहार में रेल इंजन बन रहे हैं, बड़े-बड़े डेयरी प्लांट लग रहे हैं. मखाना दुनिया भर में जा रहा है. फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, लेदर पार्क, आईटी पार्क ये सब आज बिहार की नई पहचान हैं. मोदी ने कहा कि अब बिहार के युवाओं को बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा. अब बिहार का बेटा-बेटी यहीं काम करेगा, यहीं आगे बढ़ेगा और बिहार का नाम रोशन करेगा.

आरजेडी के चुनावी गानों पर भी साधा निशाना

पीएम मोदी ने अपने भाषण में आरजेडी समर्थकों के चुनावी प्रचार गीतों पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि आज चुनाव प्रचार में विपक्ष ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी हैं. इनके प्रचार गीतों में छूरा, कट्टा और दूनाली जैसे शब्द हैं. सोचिए, जो अपने गानों में हिंसा का जश्न मनाते हैं, वे बिहार में क्या शांति लाएंगे? उन्होंने भीड़ से पूछा “क्या ऐसे लोगों को बहन-बेटियों की सुरक्षा की चिंता है? क्या ऐसे लोगों को बिहार की धरती से उखाड़ फेंकना नहीं चाहिए?” भीड़ ने जोरदार नारेबाजी से इस सवाल का जवाब दिया.

जमानत पर निकले युवराज फिर से बिहार लूटना चाहते हैं

अपने भाषण के अंतिम हिस्से में पीएम मोदी ने आरजेडी नेतृत्व पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आप बताइए, क्या जमानत पर घूम रहे युवराजों को फिर से बिहार लूटने की इजाजत देंगे? क्या बिहार को फिर से अंधकार में धकेलने देंगे? मोदी ने दावा किया कि सभी सर्वे बता रहे हैं कि इस बार आरजेडी और कांग्रेस की अब तक की सबसे बड़ी हार होने वाली है, जबकि एनडीए की ऐतिहासिक जीत तय है.

उन्होंने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस को इस बात का डर सता रहा है, इसलिए ये झूठे वादों वाला घोषणा पत्र लेकर आए हैं. इनके खुद के समर्थक भी अब उन झूठों पर भरोसा नहीं कर रहे. सोशल मीडिया पर युवा इनका मजाक उड़ा रहे हैं. क्योंकि बिहार का युवा अब समझ चुका है कि कौन विकास चाहता है और कौन सिर्फ सत्ता.”

बिहार में चुनावी माहौल गर्म

पीएम मोदी का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब बिहार में चुनावी माहौल चरम पर है. आरजेडी की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि जनता बदलाव चाहती है, वहीं भाजपा और एनडीए इस चुनाव को “विकास बनाम जंगलराज” की जंग के रूप में पेश कर रहे हैं. मोदी की मुजफ्फरपुर रैली में उमड़ी भीड़ ने साफ संकेत दे दिया कि इस चुनावी जंग में बिहार की सियासत एक बार फिर भावनाओं और मुद्दों के संगम पर खड़ी है.