पीएम मोदी ने सहरसा में महिला क्रिकेट टीम के लिए बजवाईं तालियां, बोले- बेटियों ने देश का मान बढ़ाया

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सहरसा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया.

PM Modi applauds for womens cricket team in Saharsa
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

सहरसा: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सहरसा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने जहां बिहार के मतदाताओं से ‘विकसित बिहार’ के लिए NDA को वोट देने की अपील की, वहीं देमहिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत का जिक्र करते हुए वहां मौजूद जनता से तालियां बजवाकर उन्हें बधाई दी.

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जीत केवल एक खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की बेटियों के सशक्तिकरण की पहचान है. उन्होंने इसे हर भारतीय परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया और विशेष रूप से मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाली महिला खिलाड़ियों की प्रशंसा की, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद देश का नाम रोशन किया.

हिलाओं ने देश का मान बढ़ाया

PM मोदी ने मंच से कहा, "कल मुंबई में भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया. भारत ने पहली बार महिला क्रिकेट विश्व कप जीता है. पूरे 25 साल बाद दुनिया को नया विश्व विजेता मिला है, और यह गौरव भारत की बेटियों ने देश को दिया है."

उन्होंने कहा कि यह जीत उस नई सोच का प्रतीक है जो नारी शक्ति को सशक्त राष्ट्र की आधारशिला मानती है. प्रधानमंत्री ने कहा, "आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं. फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं, वैज्ञानिक बन रही हैं, और समाज की अगुवाई कर रही हैं. बिहार तो हमेशा से ही नारी सम्मान की भूमि रही है, माता सीता, देवी भारती, और विदुषी गार्गी जैसी महान विभूतियों ने इस धरती को गौरवशाली बनाया है."

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी सशक्तिकरण की इसी भूमि से वे देशभर के लोगों को महिला क्रिकेट टीम की सफलता की शुभकामनाएँ देना चाहते हैं और उन बेटियों के माता-पिता को भी नमन करते हैं जिन्होंने उन्हें यह मुकाम हासिल करने की आज़ादी दी.

पहला वोट सरकार बनाने वाला होना चाहिए

सहरसा की भीड़ से मुखातिब होते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हर वोट की ताकत को समझना बेहद ज़रूरी है. उन्होंने कहा, "आपका जो पहला वोट है, वह देश और बिहार की सरकार बनाने वाला वोट होना चाहिए. जब मैंने पहली बार मतदान किया था, तब मैंने सोचा था कि मेरा वोट व्यर्थ न जाए, मेरे वोट से सरकार बने."

उन्होंने आगे कहा, "NDA की सरकार को मजबूत बनाना ही बिहार की प्रगति की गारंटी है. इसलिए सभी बेटे-बेटियाँ जो पहली बार मतदान कर रहे हैं, वे अपने पहले वोट से विकास और स्थिरता की सरकार चुनें."

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बिहार के लोग अब यह भली-भांति समझ चुके हैं कि वोट सिर्फ जाति या भावना से नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य को ध्यान में रखकर डालना चाहिए.

कट्टा और क्रूरता के राज में कानून दम तोड़ देता है

अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों, विशेष रूप से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए. उन्होंने कहा, "RJD और कांग्रेस ने वर्षों तक बिहार पर शासन किया, लेकिन नतीजा क्या रहा? केवल अराजकता, भय और भ्रष्टाचार. जहां कट्टा और क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है. जहां करप्शन हो, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिल सकता."

उन्होंने कहा, "मिलें और फैक्ट्रियाँ बंद पड़ी थीं, ठेकेदार अपने घरों में कैद रहते थे, अफसर डर में जीते थे. उस दौर में हर नागरिक असुरक्षित महसूस करता था, वही था जंगलराज."

प्रधानमंत्री ने कहा कि NDA सरकार ने बिहार में सुशासन और स्थिरता की पहचान बनाई है, जबकि विपक्ष का अतीत केवल अराजकता और अपराध से भरा है.

ये भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की सोशल मीडिया पर बैन लगाने वाली PIL, CJI ने कहा- याद है नेपाल में क्या हुआ था?