Pink Saheli Smart Card: दिल्ली में महिलाओं के लिए DTC बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा अब स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था के तहत संचालित की जा रही है. ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ के जरिए इस सुविधा को डिजिटल और अधिक व्यवस्थित बनाने की कोशिश की गई है. DTC के दस्तावेज के मुताबिक, यह कार्ड दिल्ली की पात्र महिला और ट्रांसजेंडर यात्रियों को DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देता है.
सरकार की ओर से महिलाओं को भरोसा दिलाया गया है कि कार्ड बनवाने की प्रक्रिया जारी है और जिन पात्र महिलाओं ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, वे निर्धारित केंद्रों या विशेष कैंप के जरिए इसे बनवा सकती हैं.
19 लाख से ज्यादा Pink Saheli Smart Card जारी
अब तक 19 लाख 5 हजार 889 ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनाए जाने की जानकारी दी गई है. परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, कार्ड बनाने की प्रक्रिया लगातार जारी है, ताकि इस सुविधा के दायरे में आने वाली सभी पात्र महिलाओं को स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराया जा सके.
महिलाओं को परेशान होने की जरूरत नहीं
सरकार का कहना है कि स्मार्ट कार्ड व्यवस्था में बदलाव के दौरान महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कार्ड बनाने और वितरण की प्रक्रिया लगातार जारी रखी गई है. महिलाओं की सुविधा के लिए अलग-अलग इलाकों में विशेष कैंप और वितरण केंद्र भी बनाए गए हैं. DTC के आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, पात्र महिला और ट्रांसजेंडर निवासी DTC और क्लस्टर बसों में इस कार्ड के जरिए मुफ्त यात्रा कर सकते हैं. कार्ड NCMC आधारित है और इसे अन्य ट्रांजिट सिस्टम में भुगतान के लिए टॉप-अप भी किया जा सकता है.
दिल्ली में बनाए गए 38 वितरण केंद्र
महिलाओं तक स्मार्ट कार्ड आसानी से पहुंचाने के लिए दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में 38 DTC पिंक पास वितरण केंद्रों का नेटवर्क तैयार किया गया है. इन केंद्रों के जरिए दक्षिण, उत्तर, पूर्व और पश्चिम दिल्ली के अलग-अलग इलाकों को कवर किया जा रहा है. दक्षिण दिल्ली में नेहरू प्लेस, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, हौज खास, साउथ कैंपस, जामिया, जेएनयू और महरौली जैसे इलाकों में केंद्र उपलब्ध हैं. उत्तर दिल्ली में बीबीएम डिपो, वजीरपुर, आजादपुर, रोहिणी सेक्टर-22, कंझावला, नरेला, बवाना, नॉर्थ कैंपस, मंगोलपुरी और रोहिणी डिपो में कार्ड से जुड़ी सुविधा दी जा रही है.
इन इलाकों में भी मिल रही कार्ड की सुविधा
पूर्वी दिल्ली में बुराड़ी डिपो, कश्मीरी गेट, नंद नगरी, दिल्ली गेट, करावल नगर टर्मिनल, शाहदरा, सीमापुरी, एससी हाउस, झील और हसनपुर जैसे स्थानों पर केंद्र बनाए गए हैं. वहीं पश्चिमी दिल्ली में उत्तम नगर, शादीपुर, दिचाऊ कलां, पीरागढ़ी, द्वारका सेक्टर-2, हरि नगर-1, पंजाबी बाग, सुल्तानपुरी, घुम्मनहेड़ा डिपो-1 और बिंदापुर टर्मिनल में कार्ड वितरण की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा, कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में विशेष कैंप भी लगाए जा रहे हैं.
कैसे मिलेगा Pink Saheli Smart Card?
DTC के दस्तावेज के मुताबिक, दिल्ली की पात्र महिला और ट्रांसजेंडर निवासी इस स्मार्ट कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं. कार्ड के लिए DTC पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था है. फुल KYC वाले कार्ड के लिए बैंक के माध्यम से सत्यापन और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाती है.
महिलाओं से की गई कार्ड बनवाने की अपील
दिल्ली सरकार ने उन महिलाओं से कार्ड बनवाने की अपील की है, जिन्होंने अभी तक ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ हासिल नहीं किया है. महिलाएं अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी वितरण केंद्र या विशेष कैंप में जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं. सरकार का कहना है कि कार्ड जारी करने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, ताकि पात्र महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा लेने में परेशानी न हो.
ये भी पढ़ें- Delhi Bus: महिलाओं के फ्री सफर का बदलेगा नियम, पिंक टिकट की जगह अब चलेगा पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड