Delhi DTC Bus: दिल्ली में डीटीसी और क्लस्टर बसों से मुफ्त यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए जल्द व्यवस्था बदल सकती है. अभी तक बस में सफर के दौरान कंडक्टर से मिलने वाला कागज का पिंक टिकट मुफ्त यात्रा का आधार होता था, लेकिन अब इसकी जगह ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ अनिवार्य किया जा सकता है. दिल्ली सरकार इस संबंध में जल्द आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर सकती है.
परिवहन विभाग की ओर से पहले ही संकेत दिया गया था कि मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए स्मार्ट कार्ड जरूरी किया जाएगा. हालांकि, पिंक टिकट की व्यवस्था कई बार आगे बढ़ाई जा चुकी है. अब सरकार कागजी टिकट की व्यवस्था को खत्म कर स्मार्ट कार्ड सिस्टम लागू करने की तैयारी में है.
करीब 19 लाख पिंक सहेली कार्ड हो चुके हैं जारी
दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को अनिवार्य करने के संबंध में जल्द नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा. उन्होंने बताया कि अब तक करीब 19 लाख पिंक सहेली कार्ड जारी किए जा चुके हैं. एक वरिष्ठ डीटीसी अधिकारी के अनुसार, कार्ड व्यवस्था लागू होने से पहले करीब 10 दिनों तक महिलाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान महिला यात्रियों को स्मार्ट कार्ड बनवाने और इसके इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें मुफ्त यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो.
कौन बनवा सकता है पिंक सहेली कार्ड?
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड दिल्ली में रहने वाली महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के लिए उपलब्ध है. इसके लिए न्यूनतम उम्र 5 साल निर्धारित की गई है. कार्ड बनवाते समय आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और नाम समेत जरूरी जानकारी देनी होगी. पहली बार पिंक सहेली कार्ड बनवाने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. हालांकि, कार्ड खो जाने या खराब होने पर नया कार्ड जारी कराने के लिए 59 रुपये का भुगतान करना होगा, जिसमें जीएसटी शामिल है. यह कार्ड जारी होने की तारीख से पांच साल तक वैध रहेगा.
ऑफलाइन कैसे बनवाएं पिंक सहेली कार्ड?
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है. इसके लिए डीटीसी सेंटर, डीएम ऑफिस या एसडीएम ऑफिस जाकर एफओएस एजेंट को नाम, मोबाइल नंबर और आधार से जुड़ी जानकारी देनी होगी. ओटीपी के जरिए सत्यापन पूरा होने के बाद कार्ड जारी किया जा सकता है.
ऑनलाइन आवेदन का भी है विकल्प
महिलाएं चाहें तो पिंक सहेली कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकती हैं. इसके लिए MufinPay के जरिए मोबाइल नंबर और आधार की जानकारी दर्ज करनी होगी. ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद क्यूआर एक्नॉलेजमेंट डाउनलोड किया जा सकेगा. इसके बाद अधिकृत डीटीसी सेंटर से फिजिकल स्मार्ट कार्ड लिया जा सकता है.
मेट्रो और नमो भारत में भी इस्तेमाल होगा कार्ड
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड सिर्फ डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा. इसका इस्तेमाल दिल्ली मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल में भी यात्रा कार्ड के तौर पर किया जा सकता है. हालांकि, इन दोनों सेवाओं में सफर मुफ्त नहीं होगा. मेट्रो और रैपिड रेल में यात्रा करने के लिए कार्ड में पहले से पैसे डालने होंगे. कार्ड के पीछे दिए गए क्यूआर कोड को यूपीआई ऐप के जरिए स्कैन करके रकम डाली जा सकती है. दिल्ली मेट्रो में कार्ड का बैलेंस इस्तेमाल करने के लिए मेट्रो स्टेशन पर उपलब्ध एवीएम मशीन के जरिए टॉप-अप करना होगा.
पिंक सहेली कार्ड नहीं है तो क्या करें?
अगर आप दिल्ली में डीटीसी या क्लस्टर बसों से सफर करती हैं और मुफ्त यात्रा का लाभ आगे भी लेना चाहती हैं, तो पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाना जरूरी हो सकता है. करीब 50 अधिकृत केंद्रों पर कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध है. पहली बार कार्ड मुफ्त होने के कारण महिलाएं नई व्यवस्था लागू होने से पहले ही इसे बनवा सकती हैं, ताकि बाद में बस यात्रा के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.
ये भी पढ़ें- मयूर विहार से AIIMS तक नो सिग्नल, महज 20 मिनट में पूरा होगा सफर, आज बारापूला फेज-3 कॉरिडोर का उद्घाटन