Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुआ इजाफा; तीन रुपये प्रति लीटर बढ़े दाम

Petrol-Diesel Price Hike: मिडिल ईस्ट में जारी अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच सरकार ने देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का फैसला किया है.

Petrol Diesel Price Hike Petrol Prices Diesel Prices
Image Source: Freepik

Petrol-Diesel Price Hike: मिडिल ईस्ट में जारी अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच सरकार ने देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का फैसला किया है. नई बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है. यह कदम तेल कंपनियों के वित्तीय दबाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार बढ़ती कीमतों के मद्देनजर उठाया गया है.

चार मेट्रो शहरों में रेट में इजाफा

शुक्रवार से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में ईंधन की रिटेल कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई. दिल्ली में पेट्रोल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ, वहीं कोलकाता में यह बढ़त 3.29 रुपये और मुंबई में 3.14 रुपये प्रति लीटर रही. चेन्नई में पेट्रोल 2.83 रुपये प्रति लीटर बढ़कर अब 103.67 रुपये पर पहुंच गया.

डीजल की कीमतों में भी समान वृद्धि हुई है. दिल्ली में डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 90.67 रुपये हो गए हैं. कोलकाता और मुंबई में डीजल 3.11 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर क्रमशः 95.13 रुपये और 93.14 रुपये प्रति लीटर हो गया है. चेन्नई में डीजल की कीमत 2.86 रुपये बढ़कर 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

पहले ही मिल चुके थे बढ़ोतरी के संकेत 

इस हफ्ते की शुरुआत में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संकेत दिए थे कि वैश्विक बाजार में अस्थिरता और बढ़ती लागत के कारण भविष्य में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ सकते हैं. उन्होंने बताया कि पिछले चार सालों में कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी और पिछली बार 2022 में ही दाम बढ़ाए गए थे.

पेट्रोलियम कंपनियां बढ़ते वित्तीय दबाव का सामना कर रही हैं और उनकी “अंडर-रिकवरी” यानी लागत से कम वसूली 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. यही वजह है कि सरकार ने इस समय दाम बढ़ाने का कदम उठाया.

ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक साथ 84 PCS अफसरों का हुआ ट्रांसफर, देखें लिस्ट