UP PCS Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर PCS अधिकारियों के तबादले किए हैं. गुरुवार देर रात जारी आदेश में कुल 84 PCS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इस फेरबदल में कई जिलों के अपर जिलाधिकारी (ADM), उप जिलाधिकारी (SDM), नगर मजिस्ट्रेट, विकास प्राधिकरणों के सचिव और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है.
सरकार द्वारा जारी सूची के मुताबिक कई अधिकारियों को नए जिलों में भेजा गया है, जबकि कुछ को महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकास प्राधिकरणों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. माना जा रहा है कि आगामी प्रशासनिक योजनाओं और विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फेरबदल किया गया है.
आलोक कुमार वर्मा बने सुल्तानपुर के मुख्य राजस्व अधिकारी
तबादला सूची के अनुसार वाराणसी में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात आलोक कुमार वर्मा को अब सुल्तानपुर का मुख्य राजस्व अधिकारी बनाया गया है. वहीं हरदोई की अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रियंका सिंह को नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ में कमांडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इसके अलावा बदायूं में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) के पद पर तैनात डॉ. वैभव शर्मा को गोरखपुर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है.
अजीत कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर भेजा गया
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव अजीत कुमार सिंह को अब मुजफ्फरनगर में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) की जिम्मेदारी दी गई है.
वहीं गौतमबुद्धनगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण में संयुक्त सचिव और नागरिक उड्डयन निदेशालय में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है.
जालौन के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है. दूसरी ओर मुजफ्फरनगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार को गोरखपुर में एडीएम (नगर) के पद पर भेजा गया है.
शादाब असलम को मिली प्रयागराज नगर निगम में जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक के रूप में कार्यरत शादाब असलम को प्रयागराज नगर निगम का अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है.
संतकबीरनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जय प्रकाश को गोरखपुर मंडल में अपर आयुक्त बनाया गया है. वहीं नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ की कमांडेंट नीता को प्रयागराज मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है.
अमरेंद्र कुमार वर्मा बने आगरा के ADM प्रोटोकॉल
श्रावस्ती के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमरेंद्र कुमार वर्मा को आगरा में अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) की नई जिम्मेदारी दी गई है.
गोरखपुर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विनीत कुमार सिंह को प्रयागराज विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है.
इसके अलावा प्रयागराज में एडीएम (प्रशासन) के पद पर तैनात पूजा मिश्रा को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन में अतिरिक्त मिशन निदेशक नियुक्त किया गया है.
कई मंडलों और विकास प्राधिकरणों में बदलाव
प्रयागराज मंडल की अपर आयुक्त रलवप्रिया को अब सुल्तानपुर का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है.
सरकार द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए यह व्यापक बदलाव किए गए हैं.
प्रशासनिक मशीनरी को मजबूत करने की तैयारी
सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार आने वाले समय में विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाने पर फोकस कर रही है. इसी को ध्यान में रखते हुए अनुभवी अधिकारियों को नई जगहों पर जिम्मेदारी दी गई है.
इस बड़े फेरबदल के बाद कई जिलों में प्रशासनिक कार्यशैली और व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल सकता है. शासन स्तर पर इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में हुए तबादलों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें- Weather Alert: उत्तर भारत में तांडव मचाएगा आंधी-तूफान, कई राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का खतरा