लोगों के खाते में आएंगे 16 से 20 हजार रुपये, सीएम योगी ने किया ऐलान, जानें किसे और कैसे मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के पिपलानी कटरा में आयोजित 'स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह' में पहुंचे.

People in UP will get 20 thousand rupees CM Yogi
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

वाराणसी में आयोजित 'स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह' में सीएम योगी ने यह भरोसा दिलाया कि जल्द ही सफाईकर्मियों के बैंक खातों में 16 से 20 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. साथ ही उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा भी प्रदान की जाएगी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी के पिपलानी कटरा में आयोजित 'स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह' में पहुंचे. इस मौके पर उन्होंने सफाईकर्मियों का दिल से सम्मान किया, पुष्पवर्षा की और कहा कि, "अब किसी भी सफाईकर्मी का शोषण नहीं होने दिया जाएगा. सरकार आपके साथ खड़ी है."

इस अवसर पर उन्होंने ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ के तहत उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित भी किया और स्वच्छता किट वितरित की.

16 से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया कि:

  • राज्य के सभी सफाईकर्मियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए
  • उनके बैंक खातों में जल्द ही 16,000 से 20,000 रुपये की सीधी मदद भेजी जाएगी.
  • यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से दी जाएगी, जिससे किसी तरह की बिचौलिया व्यवस्था की आवश्यकता नहीं होगी.
  • यह फैसला ना केवल साफ-सफाई में लगे कर्मियों को आर्थिक राहत देगा, बल्कि उनके सम्मान को भी बढ़ाएगा.

5 लाख तक का आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा

सीएम योगी ने यह भी कहा कि सफाईकर्मियों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलेंगी:

  • सभी स्वच्छता मित्रों को मिलेगा आयुष्मान भारत कार्ड,
  • जिसके तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज देश के किसी भी पैनल अस्पताल में संभव होगा.
  • इसका सीधा लाभ उन परिवारों को मिलेगा, जो अक्सर स्वास्थ्य खर्चों के कारण आर्थिक संकट में फंस जाते हैं.

7 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर अवकाश

योगी आदित्यनाथ ने यह भी घोषणा की कि:

  • 7 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर
  • उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा.

उन्होंने भगवान वाल्मीकि को भारत की ऋषि परंपरा का प्रकाश स्तंभ बताते हुए कहा, "वाल्मीकि जी ने ही रामायण जैसा महाकाव्य रचा और हमारे जीवन में राम के आदर्शों को बसाया है."

दिवाली पर मिठाई और दीप हर घर पहुंचे

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक मानवीय पहल का सुझाव भी दिया:

  • इस दिवाली पर हर स्वच्छता कर्मी को मिठाई भेंट की जाए,
  • और हर गरीब के घर में भी दीप जले.
  • उन्होंने कहा कि यह हमारी समाज की समरसता और एकता का प्रतीक है.

उन्होंने कहा, "जिनके कारण हमारे शहर और गांव साफ-सुथरे रहते हैं, उन्हें दीपावली की खुशी भी मिलनी चाहिए."

विपक्ष पर भी साधा निशाना

सीएम योगी ने अपने भाषण में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "हमारा काम समाज को जोड़ना है, तोड़ने का काम विपक्ष पहले से कर रहा है. हमें एकजुटता बनाए रखनी है."

उन्होंने साफ किया कि उनकी सरकार जाति, धर्म या राजनीति नहीं देखती काम और सेवा को सम्मान देती है.

ये भी पढ़ें- 'सेना के जरिए 4 लाख महिलाओं का गैंगरेप, अपने ही लोगों पर बमबारी...' भारत ने पाकिस्तान को UN में लताड़ा