पवन सिंह की बर्थडे पार्टी में हुआ बवाल, दोस्त विशाल को बॉडीगार्ड ने मारा धक्का; VIDEO वायरल

Pawan Singh Birthday Party Video: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह का 40वां जन्मदिन जहां एक भव्य सेलिब्रेशन के तौर पर शुरू हुआ, वहीं कुछ ही देर में यह जश्न विवादों में बदल गया.

Pawan Singh Birthday Party Video Controversy guard pushed his friend viral
Image Source: Social Media

Pawan Singh Birthday Party Video: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह का 40वां जन्मदिन जहां एक भव्य सेलिब्रेशन के तौर पर शुरू हुआ, वहीं कुछ ही देर में यह जश्न विवादों में बदल गया. 5 जनवरी को लखनऊ में आयोजित इस हाई-प्रोफाइल पार्टी में फिल्मी दुनिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक के कई जाने-माने चेहरे शामिल हुए. अहाना कुमरा, कुब्रा सैत और कीकू शारदा जैसे सितारों की मौजूदगी ने पार्टी को खास बना दिया, लेकिन एक अप्रत्याशित घटना ने सारी लाइमलाइट छीन ली.


पवन सिंह की बर्थडे पार्टी से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेज पर मौजूद पवन सिंह के करीबी दोस्त विशाल सिंह को कुछ लोग अचानक धक्का दे देते हैं. आरोप है कि ये लोग पावर स्टार के बॉडीगार्ड थे. स्टेज पर हुए इस वाकये से वहां मौजूद मेहमान भी हैरान रह गए.धक्का इतना तेज था कि विशाल सिंह सीधे स्टेज से नीचे गिर पड़े. कुछ पलों के लिए माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया. गिरने के बाद विशाल खुद भी इस हरकत से सकते में दिखे, लेकिन फिर वह दोबारा स्टेज पर लौटे और बॉडीगार्ड्स से बहस करने लगे. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई.

बीच-बचाव के बाद शांत हुआ मामला

झगड़े की खबर फैलते ही कुछ लोग तुरंत बीच-बचाव के लिए पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की. इस पूरे हंगामे के दौरान पवन सिंह स्टेज पर मौजूद नहीं थे, जिस वजह से मामला और भी ज्यादा चर्चा में आ गया. आखिरकार माहौल शांत तो हो गया, लेकिन सवाल कई खड़े हो गए.अब तक इस घटना पर न तो विशाल सिंह और न ही पवन सिंह की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर विशाल को स्टेज से धक्का क्यों दिया गया और बॉडीगार्ड्स ने ऐसा कदम क्यों उठाया.

दोस्ती पर उठे सवाल

विशाल सिंह और पवन सिंह की दोस्ती भोजपुरी इंडस्ट्री में किसी से छिपी नहीं है. फैंस ने विशाल को अक्सर पावर स्टार के साथ साए की तरह देखा है. जन्मदिन की रात 12 बजे केक कटिंग के वक्त भी विशाल वहां मौजूद थे. विशाल के सोशल मीडिया अकाउंट पर पवन सिंह के साथ कई तस्वीरें वायरल होती रहती हैं.विशाल, पवन सिंह को ‘भैया’ कहकर बुलाते हैं, वहीं पवन भी उन्हें अपने छोटे भाई की तरह मानते हैं. ऐसे में पार्टी के दौरान हुआ यह व्यवहार फैंस के लिए और भी ज्यादा चौंकाने वाला साबित हुआ है.

कौन हैं विशाल सिंह?

विशाल सिंह पेशे से एक अभिनेता हैं और इस समय वह ज़ी टीवी के शो ‘गंगा माई की बेटियां’ में नजर आ रहे हैं. भोजपुरी इंडस्ट्री में उनके कई कलाकारों से अच्छे संबंध हैं. इसके अलावा विशाल, बिहार की सोशल मीडिया सेंसेशन और एक्ट्रेस मनीषा रानी के मैनेजर भी हैं.मनीषा रानी के साथ उनकी नजदीकियों को लेकर एक समय पर अफेयर की चर्चाएं भी उड़ी थीं, हालांकि मनीषा ने खुद इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया था.फिलहाल, पवन सिंह की बर्थडे पार्टी में हुई इस घटना ने फैंस और इंडस्ट्री दोनों को हैरान कर दिया है. अब सभी की नजरें पावर स्टार और विशाल सिंह के रिएक्शन पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ें: भारत के सबसे अमीर सिंगरों में होती है गिनती, कितनी है AR रहमान की नेट वर्थ?