AR Rahman Birthday Special: भारतीय संगीत जगत में अगर किसी नाम ने बीते तीन दशकों में अपनी अलग ही पहचान बनाई है, तो वह हैं एआर रहमान. उनकी धुनों में सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि भावना, आध्यात्म और आधुनिकता का अनोखा संगम सुनाई देता है. भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी रहमान ने देश का नाम रोशन किया है. आज अपने 59वें जन्मदिन के मौके पर एआर रहमान सिर्फ एक महान संगीतकार नहीं, बल्कि भारत के सबसे अमीर म्यूजिशियन के रूप में भी चर्चा में हैं. आइए जानते हैं उस शख्स की कहानी, जिसने कभी 50 रुपये की फीस से सफर शुरू किया और आज हजारों करोड़ की संपत्ति का मालिक है.
आज एआर रहमान अपना 59वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास दिन पर फैंस और सेलेब्स सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों से नवाज रहे हैं. बहुत कम लोग जानते हैं कि रहमान का जन्म एक हिंदू परिवार में हुआ था और उनका नाम दिलीप कुमार था. बाद में उनके परिवार ने इस्लाम धर्म अपनाया और वे अल्लाह रक्खा रहमान कहलाए. 90 के दशक की शुरुआत में उन्होंने संगीत की दुनिया में कदम रखा और देखते ही देखते अपनी अलग पहचान बना ली.
जब मेहनत की कीमत सिर्फ 50 रुपये थी
कभी कंप्यूटर इंजीनियर बनने का सपना देखने वाले एआर रहमान का रुझान धीरे-धीरे संगीत की ओर बढ़ता चला गया. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि करियर के शुरुआती दिनों में उन्होंने रिकॉर्ड प्लेयर ऑपरेटर के तौर पर काम किया था. उस समय उन्हें एक काम के बदले महज 50 रुपये मिले थे. यही वो दौर था, जिसने उन्हें संघर्ष और धैर्य का असली मतलब सिखाया.
पहली फिल्म और 25 हजार रुपये की फीस
सिनेमा की दुनिया में एआर रहमान की एंट्री मणिरत्नम की फिल्म ‘रोजा’ से हुई. साल 1992 में रिलीज हुई इस फिल्म का संगीत आज भी लोगों की जुबान पर है. इस ऐतिहासिक डेब्यू के लिए रहमान को करीब 25 हजार रुपये की फीस मिली थी. शायद उस वक्त किसी ने नहीं सोचा होगा कि यही संगीतकार आने वाले समय में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का सबसे बड़ा नाम बन जाएगा.
आज हैं भारत के सबसे अमीर म्यूजिशियन
एआर रहमान के करियर में असली अंतरराष्ट्रीय पहचान 2009 में आई फिल्म ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ से मिली, जिसके लिए उन्हें दो ऑस्कर अवॉर्ड से नवाजा गया. इसके अलावा वे गोल्डन ग्लोब, बाफ्टा और दो ग्रैमी अवॉर्ड्स भी अपने नाम कर चुके हैं. आज की बात करें तो रहमान एक फिल्म के म्यूजिक के लिए 8 से 10 करोड़ रुपये तक चार्ज करते हैं, जबकि एक गाने की फीस 3 करोड़ रुपये तक बताई जाती है. सेलिब्रिटी नेटवर्थ, GQ इंडिया और लाइफस्टाइल एशिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, एआर रहमान की कुल संपत्ति करीब 1748 करोड़ रुपये आंकी गई है. एआर रहमान की कहानी सिर्फ शोहरत और दौलत की नहीं है, बल्कि यह उस इंसान की दास्तान है, जिसने मेहनत, सादगी और संगीत के दम पर दुनिया को अपना मुरीद बना लिया.
यह भी पढ़ें: हाथों में हाथ, ट्विनींग अटायर, गर्लफ्रेंड के साथ इवेंट में हुए स्पॉट; लोगों ने एक्स वाइफ नताशा को किया याद